SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नेपाल त्रासदी : धीरेंद्र शास्त्री की भोजन और मेडिकल मदद की घोषणा,...

नेपाल त्रासदी : धीरेंद्र शास्त्री की भोजन और मेडिकल मदद की घोषणा, जल्‍द रवाना होगी टीम

0
5

छतरपुर, 27 अगस्‍त (आईएएनएस)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नेपाल आपदा पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाते हुए राहत, भोजन और मेडिकल मदद की घोषणा की है।

नेपाल में अचानक आई बाढ़ पर बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “यह बहुत डरावनी स्थिति थी और जब मैंने तस्वीरें और वीडियो देखे तो मुझे बहुत दुख हुआ। मैं पूरे नेपाल के लिए बागेश्वर भगवान बालाजी से प्रार्थना करता हूं। मैं नेपाल के लोगों से यह भी कहना चाहता हूं कि वे चिंता न करें, हम आपके साथ हैं, भारत नेपाल के साथ है और बागेश्वर धाम नेपाल के साथ है। यह दुख का समय है, यह कुछ करने का समय है। मैं बागेश्वर परिवार के हर सदस्य से अपील करता हूं कि वे सेवा के लिए आगे आएं।”

उन्‍होंने अपील करते हुए कहा कि प्रत्‍येक समाज का व्‍यक्ति नेपाल का साथ दे। बागेश्वर धाम से हमारी टीम भी नेपाल जा रही है, जहां पर राहत बचाव कार्य के साथ भोजन और मेडिकल की व्‍यवस्‍था कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि निश्चित रूप से भारत की मदद की विचारधारा रही है। भारत-नेपाल का रिश्‍ता रोटी-बेटी का है, दिखने में दो देश हैं पर वास्‍तव में एक ही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुख की घड़ी में सबके साथ खड़े हैं।

रक्षाबंधन के मौके पर बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “पूरे देश और दुनिया के लोगों को रक्षाबंधन की बहुत-बहुत बधाई। राखी बंधवाने के बाद, आप अपनी बहन को तोहफे में पैसे दें या न दें, लेकिन एक वादा जरूर करें। मैं इस देश में महिलाओं और लड़कियों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाऊंगा और कभी भी किसी बहन या बेटी को बुरी नजर से नहीं देखूंगा। राखी बंधवाने के बदले अपनी बहन से यह वादा जरूर करें।”

उन्‍होंने कहा कि भारत में हमेशा माताओं को देवी रूप में पूजा जाता है।