SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय न्यू अशोक नगर में सीवर कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने...

न्यू अशोक नगर में सीवर कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

0
4

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा न्यू अशोक नगर स्थित ईस्ट एंड अपार्टमेंट्स के सामने सीवर मरम्मत और निर्माण कार्य किए जाने के कारण यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए नोएडा सेक्टर-15 राउंडअबाउट और सराय चौक से होकर न्यू अशोक नगर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।

दिल्ली की ओर आने वाले नोएडा के वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इस मार्ग का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

एडवाइजरी के मुताबिक, नोएडा सेक्टर-15 राउंडअबाउट से सीधे चिल्ला बॉर्डर होते हुए दिल्ली में प्रवेश किया जा सकता है। इसके अलावा, नोएडा मोड़ से डीएनडी, मयूर विहार फेज-3 या कोंडली मार्ग के जरिए भी दिल्ली पहुंचा जा सकता है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा की पहले से योजना बनाने, यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालक धैर्य बनाए रखें, डायवर्जन संकेतों का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का अनुसरण करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

यातायात अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर अपनी यात्रा को आसान बनाने की सलाह दी है।

वहीं, दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से सोशल मीडिया पर बताया गया कि वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में एलम फीडिंग लाइन को डुप्लिकेट मेन लाइन से जोड़ने के काम के कारण, 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे पानी का समझदारी से इस्तेमाल करें और जरूरी इंतजाम पहले से कर लें। पानी के टैंकर की जरूरत के लिए दिल्ली जल बोर्ड से सम्पर्क कर सकते हैं।