ऑकलैंड, 1 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की व्हाइट-बॉल टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर कम से कम एक महीने के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे। इसकी जानकारी न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दी है।
सैंटनर को हुई इंजरी के स्कैन में ग्रेड तीन एसीएल कंधे की चोट का पता चला है। इस वजह से कम से कम एक महीना उन्हें फील्ड पर उतरने में लग सकता है।
मिशेल सैंटनर को आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लग गई थी। उन्हें ड्रेसिंग रूम में कंधे पर आइस पैक लगाए देखा गया था।
सैंटनर को सबसे पहले 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय अपने नॉन-बॉलिंग कंधे में चोट लगी थी और 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से बाहर हो गए थे। उन्होंने 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला और 20 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ भी खेला, लेकिन सीएसके के खिलाफ फील्डिंग करते समय उसी कंधे में फिर से चोट लग गई और इस तरह वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। पांच बार की विजेता एमआई ने सैंटनर की जगह दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज को साइन किया है।
सैंटनर ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए चार मैच खेले और 125 रन देकर पांच विकेट लिए।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि 34 साल के ऑलराउंडर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौटे और एक विशेषज्ञ से मिले। उन्हें कम से कम एक महीने के आराम करने और रिहैबिलिटेशन से गुजरने की सलाह दी गई है।
सैंटनर आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता का मूल्यांकन बाद में किया जाएगा।
आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र चार दिन का टेस्ट 27 मई को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट में शुरू होगा, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट लॉर्ड्स (4-8 जून), द ओवल (17-21 जून) और ट्रेंट ब्रिज (25-29 जून) में खेले जाएंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि आयरलैंड और इंग्लैंड टेस्ट के लिए पूरी टीम का नाम आने वाले दिनों में तय किया जाएगा।
न्यूजीलैंड की अगली व्हाइट-बॉल सीरीज जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ है।

