नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी के बेहतर अवसरों की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जनरल मैनेजर समेत विभिन्न 12 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
एनएचएआई की ओर से जारी 12 रिक्तियों में जनरल मैनेजर (कानून) के 2, जनरल मैनेजर (ट्रांसपोर्ट प्लानिंग) का 1, जनरल मैनेजर (ट्रांसपोर्ट इकोनॉमिस्ट) का 1, जनरल मैनेजर (पर्यावरण) का 1, जनरल मैनेजर (इलेक्ट्रॉनिक्स) का 1, जनरल मैनेजर (सूचना प्रौद्योगिकी) के 2 और डिप्टी जनरल मैनेजर (सूचना प्रौद्योगिकी) के 4 पद शामिल हैं।
सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्ति के लिए जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ ‘उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन)-ख, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्लॉट नंबर जी-5 और 6, सेक्टर-10, द्वारका, नई दिल्ली-110075’ पते पर 17 अक्टूबर तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचाना होगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और क्षेत्र के अनुसार बैचलर ऑफ लॉ, सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक, ट्रांसपोर्ट प्लानिंग में पोस्ट ग्रेजुएट, इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएट, एनवायरनमेंट साइंस/इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट/पोस्ट ग्रेजुएट, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक, कंप्यूटर साइंस/आईटी में बीटेक/बीई/एमसीए होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 6 से 14 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की जांच, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जनरल मैनेजर पद के लिए 1,23,100 से 2,15,900 रुपए के बीच और डिप्टी जनरल मैनेजर पोस्ट के लिए 78,800 से 2,09,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

