लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘निपुण भारत मिशन’ के माध्यम से बच्चों में आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता विकसित करने की दिशा में प्रभावी एवं परिणाममुखी कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा किसी भी राष्ट्र के भविष्य की मजबूत नींव होती है और सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, समावेशी तथा आधुनिक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री संदीप सिंह शुक्रवार को लखनऊ में देवी संस्थान (डिग्निटी एजुकेशन विजन इंटरनेशनल) द्वारा आयोजित ‘फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन)’ विषयक लीडरशिप कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘निपुण’ लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार बच्चों में पढ़ने, लिखने एवं गणना की बुनियादी क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दे रही है। इसके लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाया जा रहा है, जिससे बच्चों की भाषा, गणित और समझ विकसित हो सके।
बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यालयों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य के हजारों स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शिक्षा से बच्चों में रचनात्मकता, सीखने की क्षमता और तकनीकी दक्षता का विकास हो रहा है।
संदीप सिंह ने कहा कि योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधारों के माध्यम से नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में तकनीकी नवाचारों को शामिल कर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सके।
— आईएएनएस
विकेटी/वीसी

