नितिन नवीन और पुष्कर सिंह धामी की मुलाकात में घुली शहद की मिठास, समसामयिक मुद्दों पर की चर्चा

0
4

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

इसकी जानकारी सीएम धामी ने सोशल मीडिया के जरिए दी। साथ ही उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की।

सीएम पुष्कर धामी ने बताया कि उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को शहद भी भेंट किया। साथ ही प्रदेश के संगठनात्मक एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा भी की।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”नई दिल्ली में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भेंट कर उन्हें उपहार स्वरूप उत्तराखंड का शहद भेंट किया। इस अवसर पर प्रदेश के संगठनात्मक एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।”

इससे पहले उन्होंने हिमंता बिस्व सरमा को असम में विधायक दल का नेता चुनने पर बधाई दी। सीएम धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ”असम में हिमंता बिस्वा सरमा को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं आपकी दृढ़ प्रतिबद्धता से असम में डबल इंजन सरकार के संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर असम के निर्माण का स्वप्न साकार होगा।”

इसके अलावा उन्होंने मातृ दिवस पर देशवासियों को बधाई दी। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,”सर्वतीर्थमयी माता…” समस्त प्रदेशवासियों को मातृ दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां स्नेह, करुणा, त्याग, तप और संस्कार की सजीव प्रतिमूर्ति हैं। उनके चरणों में ही जीवन के प्रथम संस्कार, प्रथम ज्ञान और प्रथम ईश्वर का साक्षात्कार होता है। मां का आशीर्वाद ही संबल, प्रेरणा और जीवन पथ का सबसे पवित्र आलोक है।”