लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ में रोड शो पर अखिलेश यादव के सवालों का सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने करारा जवाब दिया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जिन बातों का जिक्र कर रहे हैं, वे सिर्फ उनकी हताशा और निराशा को दिखाती हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “अखिलेश यादव के पास कोई काम नहीं है। वह सत्ता में नहीं आ रहे हैं, इसलिए वह सिर्फ विरोध ही कर सकते हैं। उनको यह नहीं पता हैं कि आज भाजपा 22 राज्यों में सत्ता में है, जबकि वह (अखिलेश) 2-2 बार सरकार बनाने में फेल हो गए हैं।”
राजभर ने कहा, “नितिन नवीन यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर आए हैं और यह एनडीए की सरकार है। आप जिन बातों का जिक्र कर रहे हैं, वे सिर्फ उनकी हताशा और निराशा को दिखाती हैं।”
इससे पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नितिन नवीन के रोड शो में भीड़ न आने का दावा करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश का भाजपा संगठन जन-आक्रोश के डर के मारे अपने घरों में दुबका बैठा है या प्रदेश से बाहर भाग गया है, नहीं तो कुछ लोग तो जरूर दिखाई देते, बेचारे ‘’नव-निर्मित अध्यक्ष जी’ हाथ हिलाने के लिए तरसते दिखाई न देते।”
ओम प्रकाश राजभर ने नितिन नवीन के दौरे पर कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार उत्तर प्रदेश आए हैं। राज्य में आने के बाद उन्होंने पार्टी नेताओं से मुलाकात की। दूसरे दिन एनडीए गठबंधन के सहयोगियों के साथ बैठक की है। इसके बाद आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई है। जो चीजें धरातल पर हैं, उनके बारे में बैठक में अवगत कराया गया है। 2027 में 2017 के मुकाबले अधिक सीटें जीतें इस पर चर्चा हुई।”
उन्होंने बताया कि नितिन नवीन के साथ एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं का सीधा संवाद हुआ है।
ओम प्रकाश राजभर ने आने वाले विधानसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे पर कहा, “आज की बैठक में सीटों के बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं, चूंकि नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहां आए हैं, इसलिए यह उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वे सभी से मिलें, साथ बैठें, बातचीत करें और साथ में चाय पिएं।”
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मदरसों में एटीएस की जांच पर कहा, “मदरसे शिक्षा के मकसद से बनाए गए हैं। आप मदरसों में नकली नोट छापोगे या होटल चलाओगे तो जांच होगी।”

