मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। इंजरी की वजह से ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी दोनों सीरीज से बाहर हो गए हैं। रेड्डी की जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सूर्यांश शेडगे को टीम में जगह दी है। सूर्यांश को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
बीसीसीआई ने बताया कि नितीश हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। इस वजह से वह आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बोर्ड ने कहा कि पुरुष चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आने वाली टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम में नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया है। नितीश ने 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद बाएं क्वाड्रिसेप्स में परेशानी का जिक्र किया था। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने जांच के बाद रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है।
नितीश रेड्डी का बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है। इंजरी की वजह से पहले से ही दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, “सूर्यांश को हाल ही में श्रीलंका में समाप्त हुई त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद यह मौका मिला। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए इस 23 साल के इस खिलाड़ी ने पांच मैचों में 147 रन बनाए और 2 विकेट लिए थे। वह 2024-25 में मुंबई के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी कैंपेन में भी सबसे अच्छे परफॉर्मर रहे थे। निचले क्रम में 251.92 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 131 रन बनाए थे।”
इस प्रदर्शन के बाद ही आईपीएल 2025 में सूर्यांश शेड्गे को पंजाब किंग्स ने अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। आईपीएल 2026 में सूर्यांश ने 7 मैचों में 175.55 की स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए थे।

