नोएडा, 2 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने पीजी, हॉस्टल, किराये के कमरों और फ्लैटों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के छह लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, 12,500 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
आरोपी लंबे समय से नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और विशेष रूप से छात्रों तथा नौकरीपेशा लोगों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक पीड़ित ने थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति दो लैपटॉप चोरी कर ले गया। साथ ही उसके रूम पार्टनर के भी दो लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी हो गए।
शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-131 स्थित गढ़ी शाहपुर के सामने से आरोपी बालन गोविन्दन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से इस मामले से जुड़े चार लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए। इसके अलावा, अन्य चोरी के मामलों से संबंधित दो अतिरिक्त लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 12,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है और पिछले काफी समय से नोएडा तथा एनसीआर में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह पहले कई दिनों तक पीजी, हॉस्टल और किराये के मकानों की रेकी करता था। जिन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती या लोग लापरवाही से कमरे का दरवाजा खुला छोड़ देते, वहां मौका पाकर लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए वह अक्सर चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। कई बार अपनी पहचान छिपाने के लिए रैपिडो और ओला जैसी ऐप आधारित बाइक सेवाओं का भी सहारा लेता था। चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप को वह राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देता था। कई बार वह चोरी का सामान पार्सल के माध्यम से अपने गृह राज्य तमिलनाडु भेजकर वहां भी बेचता था। चोरी से मिली रकम से वह अपने निजी खर्च पूरे करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने पास एक अवैध चाकू भी रखता था, जिससे विरोध होने पर लोगों को डराकर आसानी से फरार हो सके। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय बालन गोविन्दन पुत्र गोविन्दन निवासी तिरुपत्तूर, तमिलनाडु के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-126, थाना सेक्टर-113 और थाना एक्सप्रेस-वे सहित गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से बरामद अन्य मोबाइल फोन और लैपटॉप के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ था या अकेले ही इन वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी जल्द खुलासा होने की संभावना है।

