नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। एनटीपीसी लिमिटेड ने असिस्टेंट ऑफिसर (पर्यावरण प्रबंधन) के कुल 20 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इन पदों में यूआर के 8, ईडब्ल्यूएस के 2, ओबीसी के 5, एससी के 3 और एसटी के 2 पद शामिल हैं।
एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार रिक्त पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पर्यावरण विषय में ग्रेजुएट इंजीनियरिंग डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ या प्रथम श्रेणी ग्रेजुएशन की डिग्री और पर्यावरण इंजीनियरिंग/पर्यावरण विज्ञान/पर्यावरण प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा/एमएससी/एमटेक या पर्यावरण इंजीनियरिंग/पर्यावरण विज्ञान/पर्यावरण प्रबंधन में विशेषज्ञता के साथ एमटेक, कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग (यदि लागू हो), लिखित परीक्षा, इंटरव्यू (यदि आयोजित किया गया हो), और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 1,20,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य (यूआर)/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

