ग्रेटर नोएडा, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मुकदमों में बरामद किए गए करीब 972.283 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया है। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 23 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई।
पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के तहत कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में बरामद मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण के लिए ‘ऑपरेशन दहन’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 8 सितंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त नार्कोटिक्स के पर्यवेक्षण में छह थानों से संबंधित कुल 253 अभियोगों में बरामद मादक पदार्थों को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नष्ट कराया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में सबसे बड़ी मात्रा में गांजा नष्ट किया गया। कुल 907.622 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 53 लाख 83 हजार 100 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 63.75 किलोग्राम डोडा, 0.552 किलोग्राम चरस, 0.115 किलोग्राम कोकीन, 0.004 किलोग्राम एमडीएमए और 240 नशीली गोलियां भी विनष्टीकरण की कार्रवाई में शामिल रहीं। थाना सेक्टर-39 में दर्ज 15 मुकदमों से संबंधित 24.47 किलोग्राम गांजा, 1.25 किलोग्राम डोडा और 240 ग्राम नशीली टेबलेट नष्ट की गईं।
वहीं, थाना सेक्टर-126 में दर्ज 30 मुकदमों से संबंधित 67.696 किलोग्राम गांजा, 372 ग्राम चरस, 15 ग्राम कोकीन और 4 ग्राम एमडीएमए का विनष्टीकरण कराया गया। थाना सेक्टर-113 में दर्ज 53 अभियोगों से बरामद 74.135 किलोग्राम गांजा और थाना सेक्टर-63 में दर्ज 57 अभियोगों से संबंधित 108.141 किलोग्राम गांजा भी नष्ट किया गया। सबसे अधिक मात्रा में मादक पदार्थ थाना बादलपुर से संबंधित मुकदमों में बरामद हुए थे। यहां दर्ज 97 अभियोगों से संबंधित 630.88 किलोग्राम गांजा, 62.5 किलोग्राम डोडा, 180 ग्राम चरस और 100 ग्राम कोकीन का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
इसके अलावा थाना रबूपुरा में दर्ज एक अभियोग से संबंधित 2.3 किलोग्राम गांजा भी नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य एनडीपीएस एक्ट के मुकदमों में बरामद मादक पदार्थों को न्यायालय के आदेशों और निर्धारित नियमों के तहत सुरक्षित तरीके से निस्तारित करना है, ताकि बरामद माल के अनावश्यक भंडारण की स्थिति न बने। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
