Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध आउटर दिल्ली में वाहन चोर गिरफ्तार, पिस्तौल और 5 चोरी की बाइक...

आउटर दिल्ली में वाहन चोर गिरफ्तार, पिस्तौल और 5 चोरी की बाइक बरामद, 3 मामले सुलझे

0
16

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के आउटर डिस्ट्रिक्ट में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड टीम ने एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से तीन वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

यह कार्रवाई 29 मार्च 2026 को उस समय की गई, जब एएटीएस टीम को निहाल विहार इलाके के ऋषाल गार्डन स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास एक व्यक्ति के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, उन्होंने एक युवक को मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में देखा। पुलिस को देखते ही युवक ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक की पहचान करण के रूप में हुई, जो दिल्ली के हिरनकुदना का रहने वाला है, और उसकी उम्र 23 वर्ष बताई गई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई, जिसके बाद निहाल विहार थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह भी जांच में चोरी की निकली।

आगे की पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चंचल पार्क इलाके से चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में इनमें से दो मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज मामलों से जुड़ी पाई गईं, जबकि बाकी दो के बारे में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी करण पहले से ही 15 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और मुंडका थाने का घोषित बदमाश है। वह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद सभी सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।