डेरा इस्माइल खान (पाकिस्तान), 28 सितंबर (आईएएनएस)। खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत के टैंक जिले में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने पुलिस वाहन को निशाना बना अंधाधुंध गोलीबारी की। इस वारदात में तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए। घटना वजीराबाद इलाके की है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि गोलीबारी में दो राहगीर भी घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जियो न्यूज के अनुसार, घायलों में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि हमलावर ट्रैफिक पुलिस की मोबाइल वैन लेकर भाग गए। घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी, साथ ही संदिग्धों का पता लगाने और गाड़ी बरामद करने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया।
प्रमुख अंग्रेजी दैनिक डॉन के अनुसार, पुलिस ने कहा कि हमले की जांच चल रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचानने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
केपी, पाकिस्तान के अशांत प्रांतों में से एक है। पुलिसिया ज्यादती की वजह से यहां एक बहुत बड़ा वर्ग सत्ता के खिलाफ रहा है। लोगों का कहना है कि वो जब अधिकार मांगते हैं तो उन्हें गोलियां या लाठियां मिलती हैं।
हाल के महीनों में ऐसा बहुत दफा हुआ है जब पुलिस को निशाना बना हमले किए गए हैं। दो दिन पहले डेरा इस्माइल खान के दराजंदा इलाके में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को तस्करी-रोधी चेक पोस्ट से टकरा दिया, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।
सितंबर की शुरुआत में ही कोहाट पुलिस लाइंस में एक मस्जिद के पास विस्फोटकों से लदे वाहन में विस्फोट होने और उसके बाद आतंकवादियों द्वारा परिसर में घुसकर पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमला करने से कम से कम 21 लोग मारे गए थे, जिनमें 15 पुलिस अधिकारी शामिल थे।
सेना के मीडिया विंग के अनुसार, 26 जुलाई को खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले में एक संयुक्त पुलिस चेकपोस्ट पर हुए आतंकवादी हमले में 15 लोग मारे गए, जिनमें 14 सुरक्षाकर्मी शामिल थे।
