नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मतगणना के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भाजपा सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन हो गया है कुछ देर में सबको पता चल जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “लोकतंत्र के इस पावन अवसर पर, सुबह से ही गौरव गोगोई और टीएमसी नेताओं ने ईवीएम पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। इससे ही पता चल रहा है कि वो लोग हार रहे है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन रही है। पीएम मोदी का विकसित भारत का सपना साकार होने जा रहा है। हम लोग मिलकर उसको साकार करने की कोशिश कर रहे है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि जनता को पीएम मोदी पर बहुत विश्वास है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक नई राजनीति देख रहा है। हमारी सरकार अब अपने काम का रिपोर्ट कार्ड रख रही है और भविष्य में कैसे काम करेगी, इसका भी मैप तैयार रहता है। इसलिए जनता को पहले ही पता चल जाता है कि सरकार कैसे काम करेगी और क्या-क्या करने वाली है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि विपक्ष के पास पहले से ही कोई रिपोर्ट कार्ड नहीं रहता था और न ही अब है, वो लोग क्या काम करेंगे और कैसे करेंगे इसके बारे में उनको खुद कुछ नहीं पता होता है, तो वो जनता को क्या ही बताएंगे, इसीलिए वो कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब दूर नहीं है सपना साकार होने से, “अंग, बंग और कलिंग” तीनों जगह भारतीय जनता पार्टी का नाम होने जा रहा है। टीएमसी हार रही है और भाजपा की सरकार बन रही है, ये बात टीएमसी के नेताओं को भी पता चल गई है, इसीलिए ये लोग शोर मचा रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि जनता ने पहले ही मन बना लिया था कि हमकों अबकी बार टीएमसी की सरकार हटाकर भाजपा की सरकार लाना है। टीएमसी के राज्य में जनता खुश नहीं थी न ही सुरक्षित थी, इसीलिए जनता और परेशान रहती थी।
उन्होंने कहा कि मैं सुबह से ही कांग्रेस और टीएमसी के नेताओं का बयान सुन रहा हूं, ये लोग चुनाव आयोग और ईवीएम पर बयान दे रहे हैं। इसी से पता चल गया था कि बंगाल में भाजपा आ रही है, कुछ देर में परिणाम सबके सामने आ जाएगा।

