Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पटियाला में टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध हालात में मौत, सुसाइड से पहले...

पटियाला में टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध हालात में मौत, सुसाइड से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

0
31

पटियाला, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के पटियाला जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने दुखद रूप ले लिया। पातड़ां के गांव हामझेड़ी में एक टैक्सी ड्राइवर ने जहरीली दवा खाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों के साथ उनका किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब आरोप है कि संबंधित लोग टैक्सी स्टैंड पर पहुंचे और बलजिंदर सिंह की गाड़ी को नुकसान पहुंचाया और उनके साथ मारपीट भी की।

इस पूरे मामले को और गंभीर तब माना जा रहा है, जब आत्महत्या से पहले बलजिंदर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में उन्होंने शुतराणा क्षेत्र के एक पूर्व विधायक और एक पुलिस अधिकारी पर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा अब तक दर्ज किए गए मामले में उस पूर्व विधायक का नाम आरोपियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है।

मृतक के बेटे कृष्ण सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मेजर सिंह और उसके साथी लगातार उसके पिता को परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव और उत्पीड़न से तंग आकर उनके पिता ने यह कदम उठाया।

घटना के बाद गंभीर हालत में बलजिंदर सिंह को हरियाणा के टोहाना स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समाना के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

मामले की जांच कर रहे अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर मेजर सिंह, करमजीत सिंह, बंटी (निवासी पातड़ां), दीपक (निवासी समाना) और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।