SGSU Advertisement
Home राजनीति पटना के गर्दनीबाग में वायरल ब्वॉय आदित्य राज का धरना, पीएम मोदी...

पटना के गर्दनीबाग में वायरल ब्वॉय आदित्य राज का धरना, पीएम मोदी से मिलने की रखी मांग

0
3

पटना, 30 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर वायरल लड़का आदित्य राज विरोध प्रदर्शन पर बैठा है। उसने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान अपने माता-पिता पर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की है। आदित्य ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उससे नहीं मिलते, तब तक वह अपना विरोध जारी रखेगा।

आदित्य राज ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मेरे माता-पिता के साथ मारपीट की गई। हमें उनसे 8 घंटे तक अलग रखा गया। साथ ही एसपी की तरफ से धमकी दी गई कि अगर धरना करोगे तो एफआईआर दर्ज करेंगे। जब तक माता-पिता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम धरना पर बैठेंगे।”

उसने सभी राजनीतिक दलों से समर्थन की अपील की है। आदित्य ने कहा, “मेरे साथ धरने पर जितने लोगों को आना है, वह आएं। विपक्ष में महागठबंधन के जितने नेता हैं, वह मेरे साथ आएं। तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, प्रशांत किशोर और ममता बनर्जी, जिन्हें भी मेरे साथ आना है, वह आएं। सत्ता पक्ष से भी जिन्हें आना है, वह आएं। जब पीएम नरेंद्र मोदी चुप्पी साधकर बैठे हैं तो हम भी मौन व्रत रखेंगे।”

आदित्य राज ने बताया कि उसकी डीजीपी से मुलाकात हुई है, जिन्होंने न्यायिक जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन वह पीएम मोदी से मिलना चाहता है।

उसने कहा, “हमारी डीजीपी साहब से मुलाकात हुई, उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले की न्यायिक जांच होगी। लेकिन मुझे पीएम मोदी से मिलना है, वह सिर्फ गरीब से वोट लेना जानते हैं, लेकिन उनसे मिलना नहीं जानते हैं। जब तक पीएम मोदी से नहीं मुलाकात होगी, हम धरने पर बैठे रहेंगे। सरकार को झुकना ही पड़ेगा।”

बता दें कि आदित्य राज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुर्खियों में आया था। अब उसने अपने माता-पिता के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर धरना शुरू किया है।