Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पटना में भांजा ने दिनदहाड़े धारदार हथियार से मामा की हत्या की,...

पटना में भांजा ने दिनदहाड़े धारदार हथियार से मामा की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
22

पटना, 12 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक ने अपने ही मामा की दिनदहाड़े धारदार हथियार से उसके चेहरे और गर्दन पर लगातार वार कर हत्या कर दी। इस घटना को उसने दिनदहाड़े सड़क पर लोगों के सामने अंजाम दिया।

इस वारदात का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, कुछ ही घंटे में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त होने वाला हथियार बरामद कर लिया। पटना सिटी-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को चौक थाना के बंगाली टोला मोड़ पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान मोहम्मद रईस के रूप में की गई। घटना के वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा त्वरित तकनीकी विश्लेषण और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। आरोपी मृतक का भांजा है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि घटना पारिवारिक विवाद के कारण घटित हुई है। आरोप है कि आरोपी की पत्नी को ये लोग प्रताड़ित करते थे, इस कारण गुस्से में इस घटना को अंजाम दिया गया।

राजद ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। राजद ने घटना के वायरल वीडियो को सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “यही है नीतीश के निर्लज्ज चाटुकारों का ‘सपनों का बिहार’। हर रोज हर गांव गली में हत्या, हर शहर मोहल्ले में बलात्कार। सोई नाकारी बिहार पुलिस, बेफ़िक्र भ्रष्ट भाजपा नीतीश सरकार। पटना में खुलेआम हत्या। हत्यारे को कानून और पुलिस का कोई डर नहीं। भागने की कोई जल्दबाजी नहीं।”