Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पत्नी को पुरुष मित्र के साथ देख भड़का पति, बाजार में हुआ...

पत्नी को पुरुष मित्र के साथ देख भड़का पति, बाजार में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा, दोनों पक्षों पर कार्रवाई

0
4

नोएडा, 6 जून (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला इलाके में एक पारिवारिक विवाद उस समय सार्वजनिक विवाद में बदल गया, जब एक महिला अपने पुरुष मित्र के साथ खरीदारी करने पहुंची थी और अचानक उसका पति वहां आ गया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति का गुस्सा भड़क उठा, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ भी जुट गई और उन्होंने भी महिला के पुरुष मित्र के साथ हाथापाई कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को बरौला क्षेत्र में स्थित एक परिसर में महिला अपने पुरुष मित्र के साथ मौजूद थी। इसी दौरान महिला का पति भी वहां पहुंच गया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों के बीच मारपीट होने लगी।

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ने पर कुछ लोग भी इसमें शामिल हो गए और महिला के पुरुष मित्र के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई। सार्वजनिक स्थान पर हुए इस हंगामे से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-49 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। मामले में महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-49 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच और शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति तथा उसके पुरुष मित्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।