प्लेयर ऑफ द मैच बनने से ज्यादा खुशी मुझे बल्लेबाजी के लिए भरपूर मौका मिलने पर हुई: वेंकटेश अय्यर

0
6

धर्मशाला, 17 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में रविवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेले गए मुकाबले में वेंकटेश अय्यर हीरो बनकर उभरे। बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 40 गेंदों पर खेली नाबाद 73 रनों की पारी की बदौलत आरसीबी की पंजाब पर 23 रनों से जीत में अहम भूमिका निभाई। इस बेहतरीन पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वेंकटेश अय्यर ने मैच के बाद कहा, “तकनीकी रूप से यह मेरा दूसरा मैच है जिसमें मैं प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हूं। मुझे ठीक से बल्लेबाजी का पहली बार मौका मिला। मुझे इस बात की खुशी मैन ऑफ द मैच मिलने से ज्यादा है। टीम को दो अंक मिले, इसलिए मैं सच में बहुत खुश हूं।”

धीमी शुरुआत के बाद बेहतरीन फिनिश पर अय्यर ने कहा, “हां, शुरुआत थोड़ी धीमी थी, लेकिन मैं खुशकिस्मत था कि मुझे विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी करने का मौका मिला। वह जिस तरह से आपके साथ माइंडसेट में बदलाव के बारे में बात करते हैं, वह कमाल का है। मुझे लगता है कि खेल के सभी महान खिलाड़ियों में एक बात जो सबसे अलग होती है, वह है आपसी बातचीत, यही सबसे खास है।”

धर्मशाला में बल्लेबाजी के सवाल पर अय्यर ने कहा, “मैं यहां खेलता रहा हूं। इस सीजन में मैंने काफी लंबे समय बाद कोई मैच खेला है। मुझे लय में आने के लिए शुरुआती कुछ गेंदों की जरूरत थी। एक बार जब मैं विकेट को समझ गया और मुझे गेंदबाजी पर खुलकर खेलने की आजादी मिल गई, तो मुझे लगता है कि यह मेरे लिए अच्छा रहा।”

आरसीबी में मौका का इंतजार करने के सवाल पर वेंकटेश अय्यर ने कहा, “अगर मैं कहूं कि निराश नहीं था या खेलना नहीं चाहता था, तो यह झूठ होगा। मैं सच में खेलना चाहता था, क्योंकि हम जैसे खिलाड़ियों के लिए आईपीएल में खेलने का मौका मिलना ही सबसे बड़ी बात होती है। हम खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। लेकिन मैं यहां इतने लंबे समय से हूं कि यह बात अच्छी तरह समझ गया हूं कि यह एक चैंपियन टीम है और टीम संतुलन में बार-बार बदलाव करना हमेशा सही नहीं होता। लेकिन मैंने हमेशा कोचिंग स्टाफ पर अपना प्रभाव डालने की कोशिश की, ताकि वे मुझे खेलने का मौका दें और मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकूं। मैं खुश हूं कि मुझे अपना मौका मिला।”

केकेआर के साथ लंबा समय बिताने के बाद आरसीबी में शामिल होने के सवाल पर अय्यर ने कहा, “उन्होंने मेरा बहुत अच्छे से स्वागत किया है। यह एक बहुत ही प्रोफेशनल टीम है और क्रिकेट के साथ ही प्रबंधन के लिहाज से जबरदस्त है। इसका पूरा श्रेय मो बोबैट और दिनेश कार्तिक को जाता है। उन्होंने जिस तरह सभी लड़कों का ख्याल रखा है, वह अविश्वसनीय है। आरसीबी का खेलने का तरीका भी मुझे बहुत ज्यादा उत्साहित करता है। मैंने केकेआर में काफी समय बिताया है, तो एक भावनात्मक जुड़ाव तो रहेगा ही, लेकिन मुझे यहां सच में अपने घर जैसा महसूस हुआ है।”

मैच पर नजर डालें तो आसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 222 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स 8 विकेट पर 199 रन बना सकी और 23 रन से मैच हार गई।