SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी आईपी एक्सटेंशन दशहरा समारोह में होंगे शामिल, केवल पास धारकों...

पीएम मोदी आईपी एक्सटेंशन दशहरा समारोह में होंगे शामिल, केवल पास धारकों को मिलेगी एंट्री : मुख्य संयोजक रजत कुमार

0
4

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन में आयोजित होने वाले भव्य दशहरा समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की खबर से आयोजन समिति और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।

श्री रामलीला समिति इंद्रप्रस्थ के मुख्य संयोजक रजत कुमार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मंगलवार को आईपी एक्सटेंशन में दशहरा समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं और केवल पास धारकों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

रजत कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह हम सभी के लिए बहुत खुशी की बात है। प्रधानमंत्री मंगलवार को यहां आ रहे हैं, जो कमेटी और खासकर यमुना पार के निवासियों के लिए बहुत खुशी का विषय है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी को पहचान पत्र (आईडी पास) जारी किए जा रहे हैं, और केवल उन्हीं लोगों को अंदर जाने की अनुमति होगी, जिनके पास ये पास होंगे।”

उन्होंने बताया, “सुरक्षा कारणों से दो तरह के पास जारी किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पास बांटे गए हैं। पहले जो पास बंटे हैं, वह अलग हैं और अब जो पास बंट रहे हैं, वह अलग हैं। दोनों तरह के पास से एंट्री होगी। सिक्योरिटी के उद्देश्य से ये विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”

रजत कुमार ने कहा कि भगवान राम के आशीर्वाद से सभी तैयारियां सुचारु रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा, “प्रभु का पूरा आशीर्वाद है। कोई भी समस्या नहीं आएगी, सारी चीजों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। और इस बार सब कुछ अच्छा होगा। हम सभी की प्रार्थना भोलेनाथ और श्रीराम स्वीकार करेंगे।”

समिति के अनुसार, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय में पूरी तैयारी की गई है। प्रवेश द्वारों पर जांच, पहचान पत्र की अनिवार्यता और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी और पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है।