Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर बिरला मंदिर में विशेष...

पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर बिरला मंदिर में विशेष पूजा, जे.पी. नड्डा बोले-स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने वाला ऐतिहासिक दिन

0
2

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सांसद लुम्बाराम चौधरी और कमलजीत सहरावत के साथ मिलकर बिरला मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।

जे.पी. नड्डा ने पीएम मोदी के कार्यकाल को भारत के इतिहास का “स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने वाला ऐतिहासिक दिन” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार सेवा कर देश में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

नड्डा ने कहा, “आज भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन है, जिसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सेवा देकर सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 2014 से 2026 तक उन्होंने बिना किसी रुकावट के देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार प्रधान सेवक के रूप में काम किया है और उन्होंने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आज भाजपा और करोड़ों समर्थकों द्वारा उनके स्वास्थ्य, दीर्घायु और लंबे समय तक प्रधान सेवक बने रहने के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है। विकसित भारत की कल्पना को साकार करने में भगवान उनका साथ दें, सभी देश रक्षकों और नागरिकों का उन्हें साथ मिले, इसके लिए हमने दिल्ली के बिरला मंदिर में पूजा की है।

सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी देश के सेवक हैं। आज देश में बड़ी खुशी की लहर है। उन्होंने आम लोगों को सौगात दी है, यही वजह है कि पूरे देश से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं।

वहीं सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि पीएम मोदी ने सिर्फ अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं बनाया, बल्कि उनकी योजनाओं से किस तरह लोगों को लाभ पहुंचा है, यह सब हमने देखा है। विश्व में भारत की पहचान बनी है। हमने पीएम मोदी की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और 2047 के विकसित भारत के संकल्प के लिए पूजा-अर्चना की है।

एनडीए की बैठक पर उन्होंने कहा कि एनडीए, इंडिया गठबंधन की तरह नहीं है। एनडीए एकजुट है। यह कोई अवसरवादिता का दल नहीं है, यह देश के लिए काम करने वाली पार्टियों का दल है। सभी दल एक साथ हैं और मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले ईवीएम, फिर एसआईआर और अब चुनाव आयोग पर वह लगातार आरोप लगाते रहे हैं। देश की जनता समझ चुकी है और इसलिए भाजपा को जनता का साथ मिल रहा है।