Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी के दौरे के बाद गर्मी की छुट्टियों में पर्यटकों से...

पीएम मोदी के दौरे के बाद गर्मी की छुट्टियों में पर्यटकों से गुलजार हुआ दमन, ‘मिनी गोवा’ के रूप में बढ़ी पहचान

0
2

दमन, 7 जून (आईएएनएस)। दक्षिण गुजरात से सटा केंद्र शासित प्रदेश दमन इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और अब छुट्टियों के अंतिम दिनों में भी दमन में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

राज्यभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोग दमन के खूबसूरत समुद्री तटों पर पहुंचकर ठंडक और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं। देवका बीच और जामपोर बीच समेत कई पर्यटन स्थलों पर पर्यटक अपने परिवार के साथ छुट्टियों का भरपूर आनंद उठाते नजर आ रहे हैं। समुद्री तटों की सुंदरता, स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। अपने संबोधन में उन्होंने दमन की तुलना सिंगापुर से करते हुए कहा था कि दमन पर्यटन और विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

दमन घूमने आए कई पर्यटक भी प्रधानमंत्री के इस दावे को सही ठहराते नजर आ रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि दमन अब ‘मिनी गोवा’ के रूप में उभर रहा है और कम बजट में बेहतरीन, सुरक्षित तथा मनोरंजन से भरपूर पर्यटन स्थल साबित हो रहा है। पर्यटकों ने दमन में हुए विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

दिन के समय समुद्री तटों पर मस्ती करने के बाद दमन की रातें भी पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही हैं। डीजे नाइट, आकर्षक लाइटिंग, विभिन्न एडवेंचर गतिविधियां और समुद्र तटों पर आयोजित मनोरंजन कार्यक्रम पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

गर्मी की छुट्टियों के अंतिम चरण में दमन एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो उठा है और आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पर्यटक खुशबू महिडा ने बताया कि हमारे यहां बहुत गर्मी थी लेकिन यहां का वातावरण अच्‍छा है। पीएम मोदी हाल ही में यहां अपने दौरे पर आए थे और यहां के विकास का जिक्र किया था। इसके बाद हमने यहां आने का प्‍लान किया, हम परिवार समेत पहली बार आए हैं। हम गोवा भी जा चुके हैं और यह मिनी गोवा से कम नहीं है। यहां का विकास और सफाई व्‍यवस्‍था बेहतर है। डीजे नाइट, आकर्षक लाइटिंग, कई एडवेंचर बजट फ्रेंडली है।

पर्यटक कल्पेश बारिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ दिन पहले ही यहां पर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इससे यहां के पर्यटन में तेजी आई है। देवका बीच और जामपोर बीच का काफी अच्‍छा विकास हुआ है। यहां का नाइट शो बहुत अच्‍छा है और हमने खूब आनंद लिया। मेरा मानना है कि यहां घूमना अपने बजट में है और गोवा के मुकाबले बहुत बेहतर है।