SGSU Advertisement
Home राजनीति प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय क्षेत्रों और आदिवासियों के सर्वांगीण विकास का बीड़ा...

प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय क्षेत्रों और आदिवासियों के सर्वांगीण विकास का बीड़ा उठाया है: सीएम भूपेंद्र पटेल

0
3

गांधीनगर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को छोटाउदेपुर की धरती से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की दिव्य चेतना को वंदन करते हुए सभी को भगवान बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री आदिवासी बहुल जिले छोटाउदेपुर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के राज्यस्तरीय गरिमामय समारोह में सहभागी हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी वीरों के बलिदान और अमूल्य योगदान को देश के समक्ष उजागर करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वर्ष 2007 में शुरू हुई ‘वनबंधु कल्याण योजना’ आदिवासियों के सर्वांगीण उत्कर्ष के लिए मील का पत्थर साबित हुई है और अब अगले पांच वर्षों में जनजातीय क्षेत्रों के लिए 2 लाख करोड़ रुपए के विकास कार्यों की योजना बनाई गई है।

उन्होंने गर्व से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय क्षेत्रों और आदिवासियों के सर्वांगीण विकास का बीड़ा उठाया है। पहले जिन्हें कोई पूछता नहीं था, उन्हें पूजने का काम नरेन्द्र मोदी ने किया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में 231 करोड़ रुपए के विकास कार्यों और व्यक्तिगत लाभ देकर सामाजिक-आर्थिक दिशा में एक नया कदम उठाया।

आदिवासी क्षेत्रों के शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा कि आज आदिवासी पट्टे में 12 साइंस कॉलेज, 2 यूनिवर्सिटी, 12 मेडिकल कॉलेज और 57 एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल कार्यरत हैं। इसके साथ ही, 22,500 से अधिक स्मार्ट क्लासरूम और 18,800 से अधिक वन अधिकार पत्र प्रदान कर आदिवासी युवाओं और परिवारों को सशक्त बनाया गया है।

इस मौके पर आदिवासी महिलाओं और स्थानीय कारीगरों की आजीविका बढ़ाने के लिए ‘शबरी बूथ’ और ‘जोहार कैफे’ जैसी अभिनव पहल की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने साफ किया कि छोटाउदेपुर को ‘स्पोर्ट्स और फूड प्रोसेसिंग हब’ के रूप में विकसित कर स्थानीय रोजगार के नए द्वार खोले जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जो 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में नींव का पत्थर बनेंगे।

महान क्रांतिकारी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए राज्य के आदिजाति विकास मंत्री नरेशभाई पटेल ने कहा कि एक महान स्वतंत्रता सेनानी और रक्षक के रूप में भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत आवश्यक है कि नई पीढ़ी उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा ले। उन्होंने 15 नवंबर को इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

राज्य सरकार की जनजातीय विकास नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उमरगाम से अंबाजी तक के पूरे आदिवासी पट्टे में बसे 1 करोड़ 11 लाख से अधिक आदिवासी बंधुओं के सर्वांगीण उत्कर्ष के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने गर्व से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार की योजनाएं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और विचारों पर आधारित हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्वक वंदना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के 14 आदिवासी बहुल जिलों के लोगों के लिए कुल 2283.97 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का ई-लोकार्पण और ई-शिलान्यास किया। आदिजाति विकास विभाग के सचिव आलोक कुमार पांडे ने अपने संबोधन में सभी का स्वागत किया।

नव वर्ष के अवसर पर दी गई इस विकास कार्यों की भेंट में आदिजाति विकास विभाग के अलावा जलापूर्ति, सिंचाई, सड़क एवं भवन विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, वन एवं पर्यावरण तथा पंचायत विभाग के नागरिकों से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य के 18,828 लाभार्थियों को वन अधिकार पत्रों की मंजूरी तथा 1017 करोड़ रुपए के विकास कार्यों सहित अन्य प्रगतिशील परियोजनाओं की भेंट भी दी गई। साथ ही, आदर्श निवासी शाला, छात्रावास, एकलव्य मॉडल स्कूल, और न्यू गुजरात रेजिडेंशियल स्कूल जैसे शैक्षणिक अवसंरचना के कार्यों के साथ ही शबरी बूथ और जोहार कैफे की योजना का भी आज से शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का सीधा प्रसारण देखा।

इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में लोकसभा सांसद जशुभाई राठवा, राज्यसभा सांसद डॉ. मुकेशभाई राठवा, विधायक राजेन्द्रसिंह राठवा, जयंतिभाई राठवा, अभेसिंह तड़वी, पूर्व सांसद नारणभाई राठवा और गीताबेन राठवा, आदिजाति विकास विभाग के निदेशक रचित राज, जिला कलेक्टर गार्गी जैन और जिला विकास अधिकारी ओमकारसिंह शिंदे सहित स्थानीय पदाधिकारियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आदिवासी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।