SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि डीबीटी...

प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि डीबीटी से खातों में भेजी जाएगी: सीएम सम्राट चौधरी

0
4

पटना, 10 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की।

इस दौरान कुल 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। योजना से इस बार 98,896 नए लाभार्थी जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पेंशन की राशि निर्धारित समय पर लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचे।

सीएम ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 1,100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। सरकार समाज के हर वर्ग के पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पात्रता रखने वाले किसी भी व्यक्ति को जाति, धर्म या अन्य आधार पर भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-333 पर गंगटा से कोहबरवा मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। परियोजना का उद्घाटन अगले वर्ष सितंबर में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बिहार में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बिहार को जरूरत के समय पानी उपलब्ध हो सके, इसके लिए फरक्का जल समझौते में आवश्यक प्रावधान शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बक्सर से भागलपुर तक गंगा के पानी का बेहतर प्रबंधन जरूरी है। फरक्का बैराज तक गंगा में जमा सिल्ट की समस्या के समाधान पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।

सीएम ने मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र के विकास की भी घोषणा की। करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत वन क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। भीम बांध क्षेत्र में जंगलों के विकास और सौंदर्यीकरण के साथ ट्रैकिंग, होटल और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि इसी माह तारापुर और हवेली खड़गपुर में न्यायालय की व्यवस्था शुरू होगी। वहीं, 1 सितंबर से 30 नवंबर तक राज्य में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत करीब साढ़े छह करोड़ लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान शुरू होगा। इसके तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ जरूरत वाले स्थानों पर शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सांसद अरुण भारती समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।