SGSU Advertisement
Home अपराध पुलवामा में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दूसरे...

पुलवामा में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दूसरे व्यक्ति के शामिल होने का भी संकेत

0
2

पुलवामा, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पेशेवर जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलवामा पुलिस ने परिगाम जागीर निवासी गुलाम अहमद भट की पत्नी, लगभग 75 वर्षीय जना बेगम की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पूछताछ के दौरान एक और व्यक्ति के शामिल होने का संकेत भी मिला है।

पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को पुलवामा पुलिस स्टेशन को हत्या के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 211/2026 दर्ज की गई और विस्तृत जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलवामा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

एसआईटी का नेतृत्व डीवाईएसपी (मुख्यालय) पुलवामा ने किया, जिसमें पुलवामा पुलिस स्टेशन के एसएचओ और निवा पुलिस पोस्ट के डीओ सदस्य के रूप में शामिल थे। इसका उद्देश्य एक केंद्रित, वैज्ञानिक और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करना था। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

लगातार जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच-पड़ताल के बाद एसआईटी मुख्य आरोपी इमरान अहमद मीर को गिरफ्तार करने में सफल रही। आरोपी इमरान अहमद मीर पिता बशीर अहमद मीर, निवासी परिगाम जागीर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आईं।

आगे की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने इस अपराध में एक और व्यक्ति के शामिल होने की बात बताई, जिससे मामले के नए पहलू सामने आ सकते हैं। पुलिस अब सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें अन्य संदिग्धों की भूमिका और किसी बड़ी आपराधिक साजिश की संभावना भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि दूसरे व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि के लिए साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

पुलवामा पुलिस ने कहा है कि वह यह सुनिश्चित करेगी कि इसमें शामिल हर व्यक्ति की पहचान हो और निष्पक्ष, पारदर्शी और पेशेवर जांच के जरिए उन्हें न्याय के दायरे में लाया जाए। मामले की आगे की जांच जारी है।