Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध पंजाबः 30 लाख की फिरौती मांगने वाला मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद...

पंजाबः 30 लाख की फिरौती मांगने वाला मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

0
5

अमृतसर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब की अमृतसर देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने और गांव पंडोरी वरैच में हुए पेट्रोल बम हमले के मामले के मुख्य आरोपी गुरलाल सिंह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गांव पंडोरी वरैच के पास नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को घेरने की कोशिश की, उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान गांव बल्ल खुर्द निवासी आरोपी गुरलाल सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई।

घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के किसी अन्य आपराधिक गिरोह या संगठित अपराध नेटवर्क से संबंध हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

इसके पहले पुलिस ने अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से एक हथगोला, एक एके-47 राइफल, एक संशोधित एम4 श्रेणी की .30 बोर स्वचालित बंदूक, एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर अर्ध-स्वचालित बंदूक और पांच मैगजीन बरामद हुई थी।

पंजाब पुलिस ने एक्स पोस्ट में बताया, ”यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने विशेष अभियान के तहत की। बरामद हथियारों और विस्फोटकों को देखते हुए माना जा रहा है कि आरोपियों का संबंध एक संगठित तस्करी गिरोह से है, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल था।”

इस मामले में घरिंडा थाना में शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाना थाा।