पटना, 15 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रवक्ता राजीव रंजन ने पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मौजूदा नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा है। इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों में दिखेगा और भाजपा की संभावनाएं बढ़ेंगी।
राजीव रंजन ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पंजाब कांग्रेस में अब स्थिति काफी गंभीर हो चुकी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार संदेशवाहकों के माध्यम से पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष को दूर करने की कोशिश करते रहे हैं लेकिन पंजाब कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के गुट के बीच तालमेल बनता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का असर आने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में साफ तौर पर दिखाई देगा। राजीव रंजन ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की संभावनाएं बढ़ रही हैं और इसके लिए कांग्रेस की घरेलू राजनीति और आंतरिक कलह भी काफी हद तक जिम्मेदार है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले कई वर्षों में विकास के कई काम हुए हैं। आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ है और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 से लगातार इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का प्रभाव रहा है। इस बार भी जनता एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन देगी और ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज होगी।
बिहार में हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा की शुरुआत को लेकर राजीव रंजन ने इसे ऐतिहासिक और दूरगामी फैसला बताया। उन्होंने कहा कि इससे बिहार में पर्यटन को नई गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। हेलीकॉप्टर और छोटे विमानों की सेवाएं बिहार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में मदद करेंगी।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शरद पवार गुट के नेताओं की बैठक को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि देश की राजनीतिक परिस्थितियों से महाराष्ट्र भी अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि शरद पवार की राजनीति में समय-समय पर अलग-अलग समीकरण देखने को मिलते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुट मिलकर काम करते हैं और एकनाथ शिंदे गुट की ताकत बढ़ती है, तो इससे देवेंद्र फडणवीस सरकार की स्थिरता और मजबूती को फायदा मिलेगा।
हरियाणा और आंध्र प्रदेश में एसआईआर की समय सीमा बढ़ाए जाने के फैसले पर राजीव रंजन ने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करना है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूरी प्रक्रिया में शत-प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
पासपोर्ट को नागरिकता प्रमाण नहीं बल्कि यात्रा दस्तावेज बताए जाने के विदेश मंत्रालय के बयान पर राजीव रंजन ने कहा कि विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत से जुड़े लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रशिक्षित कामगारों व पेशेवरों की मांग पूरी दुनिया में है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया को और तेज किया जाना चाहिए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर राजीव रंजन ने कहा कि यह केवल दो देशों का मामला नहीं है, बल्कि इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों से वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार लगातार कूटनीतिक प्रयास कर रही है ताकि विश्व शांति बनी रहे। भारत हमेशा समानता, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित वैश्विक व्यवस्था का समर्थन करता रहा है।

