कपूरथला), 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब की कपूरथला पुलिस ने एक ऐसे जासूसी गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है, जो भारत से जुड़ी अहम जानकारियों को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के साथ साझा करते थे। पुलिस ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने यह कार्रवाई अन्य जांच एजेंसियों के साथ मिलकर की है। साथ ही, पुलिस ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को चिन्हित कर अब उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा और उनसे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस पूरे मामले में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण इस गिरोह में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, सिम-आधारित कनेक्टिविटी वाला एक सीसीटीवी उपकरण सभी संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए थे, जिसके जरिए यह सभी संवेदनशील जानकारी जुटाकर उसे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को भेजा जा रहा था। इस काम को करने के लिए बाकायदा एक गिरोह बनाया गया था, जिमसें कई लोग शामिल किए गए थे।
साथ ही, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि हम राज्य में शांति स्थापित करने और जासूसी नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम राज्य में किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि को स्वीकार नहीं कर सकते हैं, जिससे हमारे राज्य की शांति के लिए खतरा पैदा हो।
इससे पहले, जालंधर से भी एक ऐसे ही गिरोह का मामला प्रकाश में आया था, जो सैन्य गतिविधियों को कैमरे में कैद करके उसे मोबाइल ऐप्स के जरिए पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को भेजा करते थे। जालंधर पुलिस ने इस गिरोह में संलिप्त सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उससे यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसका इसके पीछे मकसद क्या था? पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई की जानकारी भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी।

