Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए कलेक्शन एजेंट का काम करते...

पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए कलेक्शन एजेंट का काम करते हैं सत्येंद्र जैन : भाजपा

0
4

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) घोटाले में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर भाजपा सांसद स्वाति मालीवाल ने तीखा हमला बोला। उनका कहना है कि सत्येंद्र जैन पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली में पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार की दुकान चलाई। चाहे स्कूलों में क्लासरूम बनाने का घोटाला हो, शराब घोटाला हो या अनगिनत दूसरे घोटाले — उन्होंने सब किया। केजरीवाल ने बहुत चालाकी से काम किया। मुख्यमंत्री के तौर पर अपने 10 सालों में उन्होंने कभी किसी मंत्रालय का जिम्मा नहीं लिया। वे अपने मंत्रियों से भ्रष्टाचार करवाते थे और जैसे ही कोई मंत्री पकड़ा जाता, वे सारा दोष उसी मंत्री पर मढ़ देते थे। उन्होंने दिल्ली में 10 साल तक ऐसा ही किया।”

डीजेबी के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट घोटाले पर उन्होंने कहा, “यमुना की सफाई के लिए ये प्लांट बहुत जरूरी हैं। जब तक दिल्ली को सही ढंग से काम करने वाले पर्याप्त एसटीपी नहीं मिलते, तब तक यमुना साफ नहीं हो सकती। केजरीवाल को लगा कि यमुना से वोट नहीं मिलेंगे, तो क्यों न इससे नोट कमाया जाए? इसीलिए उन्होंने यह भ्रष्टाचार करवाया।”

स्वाति मालीवाल ने यह भी कहा कि “दिल्ली में केजरीवाल की भ्रष्टाचार की दुकान बंद होते ही, उन्होंने पंजाब में भ्रष्टाचार के बड़े मॉल खोल दिए। सत्येंद्र जैन पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। वे खुलेआम बिल्डरों और रियल एस्टेट डेवलपर्स से पैसे वसूल रहे हैं। अगर यह सच नहीं है, तो उन्हें चंडीगढ़ में मंत्रियों से भी ज्यादा आलीशान बंगला क्यों दिया गया है? जबकि वह सिर्फ दिल्ली से एक पूर्व विधायक हैं।”

भाजपा सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार की एक पूरी फिल्म बना रखी है, जिसका नाम “भ्रष्टाचार की किताब, दिल्ली टू पंजाब।” अब जो सत्येंद्र जैन जैसे लोग गिरफ्तार हो रहे हैं, वो सब सिर्फ उस मूवी के पात्र हैं जबकि डारेक्टर खुद केजरीवाल हैं।

उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल खुद इतने दिनों तक जेल में रहे लेकिन क्या उन्होंने सरकार नहीं चलाई? उन्होंने जेल से ही पूरी सरकार चलाई। यह भ्रष्टाचार बहुत गंभीर है क्योंकि यह यमुना की सफ़ाई से जुड़ा है। इन लोगों ने कितने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए और जहां भी बनाए, वहां भ्रष्टाचार किया। तो फिर यमुना कैसे साफ हो सकती थी?”

वहीं, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी ने एक बार फिर दुनिया के सामने अरविंद केजरीवाल की झूठी ईमानदारी की पोल खोल दी है। कुल मिलाकर, अरविंद केजरीवाल ने सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मॉडल बनाया, जिसमें राजनेता, अधिकारी, ठेकेदार और अन्य लोग शामिल थे।”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने कहा, “यह एक पुराना मामला है जब वे दिल्ली के जल मंत्री थे। उस समय एक कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था और उसकी शर्तें बदली गई थीं। यह करोड़ों का टेंडर था और लगभग 8 लाख रुपये के कुछ लेन-देन का भी पता चला है। उस समय के सीईओ को भी गिरफ्तार किया गया था।”