SGSU Advertisement
Home अपराध पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, एजीटीएफ और लुधियाना पुलिस ने...

पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, एजीटीएफ और लुधियाना पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, ग्लॉक पिस्तौल बरामद

0
2

चंडीगढ़, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

पंजाब डीजीपी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की जानकारी दी गई। पोस्ट में लिखा गया, “एक बड़ी कामयाबी में, पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो साथियों को पकड़ा है। उनके पास से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।”

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और उन्हें जबरन वसूली के सिलसिले में चंडीगढ़ और मोहाली इलाके में फायरिंग करने का काम सौंपा गया था। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से फायरिंग की बड़ी योजना नाकाम हो गई।

डीजीपी के पोस्ट में बताया गया, “शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और उन्हें जबरन वसूली के सिलसिले में चंडीगढ़-मोहाली इलाके में फायरिंग करने का काम सौंपा गया था। समय रहते उनकी गिरफ्तारी से फायरिंग की योजना नाकाम हो गई।”

इस मामले में लुधियाना के पीएस डिवीजन नंबर 8 में एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है। अब पुलिस आरोपियों के विदेशी हैंडलर्स और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वह गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को रोकने और पूरे पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि पंजाब में पिछले कुछ महीनों में जबरन वसूली और फायरिंग की घटनाएं बढ़ी हैं, जिनके तार अक्सर विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े होते हैं। ऐसे में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर रखे हुए है और कई बड़े ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।