SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी को महादेव के बारे में कुछ नहीं पता, इसी कारण...

राहुल गांधी को महादेव के बारे में कुछ नहीं पता, इसी कारण राजनीतिक तमाशे को ‘शिव तांडव’ से जोड़ा : राम कदम

0
4

मुंबई,13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता राम कदम ने अभिनेता आमिर खान के भतीजे इमरान खान की नागरिकता और भारत में किसी विदेशी नागरिक के राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के कानूनी नतीजों की जांच की मांग की। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के विरोध-प्रदर्शन, राहुल गांधी के विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन की तुलना ‘शिव तांडव’ से करने पर प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता ने विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट तक प्रदर्शन को ‘काला दिन’ बताया। इसके साथ ही कहा कि राहुल गांधी को भगवान शिव के बारे में जानकारी नहीं है।

राम कदम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “आजादी के बाद पहली बार राजनीतिक दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया। लगता है राहुल गांधी को उनके सलाहकारों ने नहीं बताया कि यह न्यायपालिका है, कार्यपालिका नहीं। विपक्ष और राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट और संविधान की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए था। कांग्रेस के शासन में एसआईआर हुई थी, तब कोई आवाज नहीं उठी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बन रहा है, तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। विपक्ष द्वारा सुप्रीम कोर्ट तक निकाला जाने वाला मार्च इतिहास में ‘काला दिन’ के रूप में लिखा जाएगा।”

भाजपा नेता ने राहुल गांधी के विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन की तुलना ‘शिव तांडव’ से करने और इसे ‘शिव की बारात’ कहने की भी निंदा की। उन्होंने कहा, “भगवान शिव को लेकर दिए गए बयान से करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा है। एक ओर संविधान का अपमान कर रहे हैं और दूसरी तरफ राजनीतिक तमाशे को ‘शिव तांडव’ से जोड़ रहे हैं। राहुल गांधी को भगवान शिव के बारे में कुछ नहीं पता है। जब चुनाव नजदीक आते हैं तो जनेऊ धारण कर लेते हैं। राहुल गांधी यह भी नहीं पता कि जनेऊ क्यों धारण किया जाता है। ‘शिव तांडव’ संहार का चक्र भी माना जाता है। दुर्भाग्य से विपक्ष ने सोमवार को संविधान का अपमान किया है।”

अभिनेता इमरान खान की नागरिकता और सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में भागीदारी को लेकर मुंबई पुलिस से की गई किरीट सोमैया की शिकायत पर भाजपा नेता राम कदम ने कहा, “लोकतंत्र में हर व्यक्ति को विरोध करने का अधिकार है। लेकिन हमारे देश में ऐसे विरोध-प्रदर्शनों में विदेशी नागरिकों की क्या भूमिका है? हमने बार-बार देखा है कि देश का विपक्ष विरोध-प्रदर्शन करता है और जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश करता है। आए दिन उनके बयानों को देखिए। जब ​​भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, तब वे देश की तुलना श्रीलंका, नेपाल और बांग्लादेश में फैली अशांति से कर रहे हैं। किरीट सोमैया की शिकायत पर इमरान खान के खिलाफ मुंबई पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। कॉकरोच जनता पार्टी का नेता जब से अमेरिका से लौटा है, देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है।”

कदम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के विरोध-प्रदर्शन पर कहा, “ठाकरे बंधुओं का राजनीतिक तमाशा पूरे देश ने देखा। 1 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में दो बार हैं। 2.80 करोड़ मृत मतदाताओं के नाम भी सूची में हैं। ऐसे में क्या इनके लिए ठाकरे बंधु हस्ताक्षर अभियान चला रहे थे? 1952 से समय-समय पर एसआईआर होती रही है। जब पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यकाल में एसआईआर हुई, तब ठाकरे बंधुओं ने क्यों नहीं आपत्ति जताई?”