SGSU Advertisement
Home राजनीति रामगोपाल यादव की ‘मूर्ख’ वाली टिप्पणी पर भड़के करौली शंकर महादेव, कहा-सभ्य...

रामगोपाल यादव की ‘मूर्ख’ वाली टिप्पणी पर भड़के करौली शंकर महादेव, कहा-सभ्य समाज में ऐसी भाषा अशोभनीय

0
3

हरिद्वार, 17 नवंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के मीडिया समन्वयक करौली शंकर महादेव ने आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव द्वारा इस्तेमाल किए गए ‘मूर्ख’ शब्द पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस भाषा को अनुचित और अशोभनीय बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में किसी भी समुदाय के लिए इस प्रकार की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जाती। साथ ही, उन्होंने सामाजिक एकता और सनातन धर्म की राह पर चलने का आह्वान किया।

करौली शंकर महादेव ने आईएएनएस से कहा कि ‘मूर्ख’ शब्द का अर्थ होता है, जो समझदार और ज्ञानी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि राम गोपाल यादव ने दलित भाइयों के लिए मूर्ख शब्द का इस्तेमाल किया है जो लोग उनकी सभा में खड़े हैं, तो उनके अपने नजरिए से उन्होंने ठीक ही कहा होगा। उन्होंने बिना सोचे-समझे यह बात नहीं कही होगी, बल्कि सोच-समझकर ही कही होगी। उनके अनुसार, यह बात सही भी हो सकती है, क्योंकि वास्तव में जिन लोगों को उस सभा में नहीं होना चाहिए था, वे लोग वहां गए थे।

उन्होंने कहा कि जहां किसी वर्ग या समाज की पूछ नहीं होती, जहां सम्मान नहीं मिलता, वहां जाना ही नहीं चाहिए। यदि कोई व्यक्ति वहां जाता है और सामने वाला उसे बुलाकर मूर्ख कहता है, तो उस व्यक्ति को समझ-बूझकर ही वहां जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हिंदू-हिंदू एकता को तोड़कर जब लोग जातियों में बंटकर इकट्ठा होते हैं, तो उन्हें इसी प्रकार की भाषा और अपमान का सामना करना पड़ता है।

करौली शंकर महादेव ने कहा कि जो लोग उस सम्मेलन में गए और अब अपमानित महसूस कर रहे हैं, उन्हें यह तय करना होगा कि उन्हें मूर्ख बने रहना है या समझदारी की राह पर चलना है। यदि उन्हें मूर्ख नहीं बनना है, तो उन्हें यह समझना होगा कि उन्हें सनातन की राह पर जाना है। यह शब्द अपमानजनक है और ऐसे शब्दों के प्रयोग से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो बात हृदय में होती है, वही कभी-कभी जुबान पर आ जाती है। जो बात नहीं बोलनी चाहिए, वह भी अचानक मुंह से फिसल जाती है। कोई भी व्यक्ति जानबूझकर अपना नुकसान नहीं करना चाहता, कोई नहीं चाहता कि उसके भाई नाराज हों या उसके वोट कटें लेकिन दिल की बात जुबान पर आ ही जाती है, उसका क्या किया जा सकता है।

करौली शंकर महादेव ने कहा कि यह घटना उन लोगों के लिए एक प्रकार का संदेश है, जो भीड़ के रूप में वहां गए थे और जिन्हें मूर्ख कहा गया। उन्हें यह सोचना चाहिए कि उन्हें मूर्ख बनकर वहां खड़े होकर तमाशा देखना है या सम्मान पाना है। उन्हें अपने समाज में, हिंदू समाज में हिंदू एकता बनानी है और ताकत बढ़ानी है, तो उन्हें सही दिशा में जाना होगा।

उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव ने खुद ही बता दिया कि वह मूर्ख सम्मेलन था। यह बात उनकी जुबान से निकल गई, जो उनके हृदय की बात थी। उनके कहने का अर्थ यही था कि यह मूर्खों का सम्मेलन है। वे समझदार हैं, जो मूर्खों का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने हमारे दलित भाइयों के लिए ऐसा कुछ कहा है, तो यह अशोभनीय है। एक पढ़े-लिखे व्यक्ति से सभ्य समाज में ऐसी टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जाती। यदि उन्होंने ऐसा किया है, तो उन्हें अपने ज्ञानकोष में समझदारी की थोड़ी और वृद्धि करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समझदारी सनातन से जुड़ने में है। जाति की बात नहीं, धर्म की एकता की बात करनी चाहिए। सभी एक हों, सब साथ हों, सब सनातनी हों। हिंदू संस्कृति में एकता होनी चाहिए और हिंदू संस्कृति में एकता के कारण हमारा समाज और अधिक मजबूत होगा। इसी दिशा में प्रयास करना चाहिए और भटकना नहीं चाहिए।