Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर इंद्रेश कुमार बोले; जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं,...

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर इंद्रेश कुमार बोले; जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं, गड़बड़ी साबित हुई तो दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

0
9

रायपुर, 28 जून (आईएएनएस)। आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद और विपक्षी नेताओं की टिप्पणियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम अक्सर आलोचना करना और सरकार पर सवाल उठाना होता है लेकिन इससे देश की प्रगति नहीं रुकती।

राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी के मामले पर आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जांच एजेंसियों को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है और सरकार, ट्रस्ट तथा संगठन ने पूरा सहयोग दिया है। विश्व हिंदू परिषद और अन्य संबंधित संस्थाएं भी पारदर्शिता के साथ काम कर रही हैं। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी साबित होती है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त सजा दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भाजपा और आरएसएस की तुलना महमूद गजनवी से किए जाने पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि ऐसे बयान केवल भ्रम पैदा करते हैं। विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए और देश के विकास में योगदान देना चाहिए। देश न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ता रहेगा।

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे द्वारा आरएसएस प्रमुख को लिखे गए पत्र पर इंद्रेश कुमार ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति से उसके घर और निजी खर्चों का हिसाब मांगा जाएगा तो यह व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने यह सवाल उठाया है, उन्हें पहले अपने निजी और व्यावसायिक रिकॉर्ड भी सार्वजनिक करने चाहिए।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि प्रियांक खड़गे ने अपनी इमारतें और फैक्ट्रियां बनाई हैं, तो उनका हिसाब-किताब क्या है? इसलिए, बिना वजह देश को गुमराह करना और खुद को गलत लोगों के साथ खड़ा दिखाने की कोशिश करना उम्मीद है कि उन्हें सद्बुद्धि मिले।

बता दें कि प्रियांक खड़गे द्वारा आरएसएस प्रमुख को लिखे गए पत्र में संगठन की कानूनी स्थिति और वित्तीय पारदर्शिता की मांग की गई थी।

इसी तरह, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा आरएसएस पर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि ऐसे बयान संगठन के कार्यकर्ताओं के मनोबल को प्रभावित नहीं करते, बल्कि उन्हें और मजबूत बनाते हैं। सच्चाई के रास्ते पर चलने वालों को अक्सर आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है।

बता दें कि मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भोपाल के एक कार्यक्रम में कहा था कि अब संघ में भीड़ तो बढ़ गई है। लेकिन यहां अच्छे लोगों की कमी हो गई है, सरकार आने के बाद हर अधिकारी कहता है कि मैं आरएसएस का हूं. मैंने संघ की पट्टी बांधी आरएसएस की चड्डी पहनी है।

इंद्रेश कुमार ने अंत में कहा कि कुछ लोग जानबूझकर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन समाज को ऐसे प्रयासों से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि देश संविधान और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा और किसी भी प्रकार की गलत गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।