SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चंदा विवाद पर अजय राय का सरकार से सवाल, चंपत...

राम मंदिर चंदा विवाद पर अजय राय का सरकार से सवाल, चंपत राय पर क्या कार्रवाई हुई?

0
3

लखनऊ, 18 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोजगार को लेकर दिए बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह सरकार रोजगार देने में नहीं, बल्कि झूठ बोलने में माहिर है।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में अजय राय ने राम मंदिर चंदा विवाद का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तो पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कह रहे थे। जनता जानना चाहती है कि क्या ऐसा हुआ? सीईओ की नियुक्ति हो गई है। चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोविंद गिरी पर क्या कार्रवाई हुई?

उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने चढ़ावे के पैसे की चोरी की और उसका आनंद उठा रहे हैं।

अजय राय ने कहा कि अब चुनाव आ गया है, तो ये लोग नौकरी देने का वादा करेंगे और झूठे आश्वासन देंगे। जनता इन्हें हराने वाली है। इनकी दाल गलने वाली नहीं है। ये लोग जनता के दिल और दिमाग से उतर चुके हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रदेश में मैदान में उतरकर जनता के बीच जा रही है। हम मैदान में लगातार घूम रहे हैं। चाहे वह गोरखपुर हो, आजमगढ़ हो, अयोध्या हो, वाराणसी हो या सुल्तानपुर हो, जहां भी सरकार अत्याचार कर रही है, वहां हम जा रहे हैं।

इसी बीच, राम जन्मभूमि मामले के फैसले को लेकर अभिनेत्री स्वरा भास्कर के बयान पर बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि राम मंदिर का फैसला कोर्ट का फैसला था और देशभर के लोगों ने इसका सम्मान किया। देश में कहीं भी कोई गड़बड़ नहीं हुई। इसलिए अगर कोई राम मंदिर के फैसले के बारे में कुछ कहता है तो उस पर ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि देशभर के लोगों ने इस फैसले का सम्मान किया था।

इकबाल अंसारी ने कहा कि राम मंदिर पर फैसला हो चुका है और मंदिर बनकर तैयार हो गया है। बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी बातों को उठाना ठीक नहीं है। मंदिर बन गया है और यहां कोई भेदभाव नहीं है। जो लोग पुरानी बातें करते हैं, उनसे बचना चाहिए। हम अयोध्या के रहने वाले हैं। सभी धर्मों के लोगों को मिल-जुलकर रहना चाहिए। सबका साथ, सबका विकास होना चाहिए।