Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध रांची में बाइक सवार अपराधियों ने यात्री बस पर की फायरिंग, एक...

रांची में बाइक सवार अपराधियों ने यात्री बस पर की फायरिंग, एक अपराधी गिरफ्तार

0
19

रांची, 13 मई (आईएएनएस)। रांची में मंगलवार रात अरगोड़ा चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार अपराधियों ने एक यात्री बस पर फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यात्री बस को निशाना बनाकर तीन अपराधियों ने गोली चलाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरगोड़ा चौक के पास सामान्य दिनों की तरह यातायात चल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक अचानक पहुंचे और बस की ओर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के समय बस में कई यात्री भी थे। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में किसी को चोट नहीं लगी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस की पीसीआर और पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बरामद हथियार को जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

रांची पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम का गठन किया गया है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद और रंगदारी जैसे एंगल पर भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।