नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ (आरएवी-नई दिल्ली) ने मीडिया सलाहकार सहित विभिन्न 5 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों में संपादक के तकनीकी सहायक के 1, निर्देशक के तकनीकी सहायक के 1, परियोजना सलाहकार के 2, और मीडिया सलाहकार के 2 पद शामिल हैं।
राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय लास्ट डेट के शाम 05.00 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री आयुर्वेद, जनसंचार और पत्रकारिता में होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स का राज्य/केंद्रीय बोर्ड में पंजीकृत होना, कंप्यूटर अनुप्रयोगों जैसे एमएस-ऑफिस आदि का ज्ञान और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 28 वर्ष और अधिकतम आयु पद अनुसार 40 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू (ऑनलाइन/आमने-सामने), और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 50,000 से 60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आयुष मंत्रालय या राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ (आरएवी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, धन्वंतरि भवन, रोड नंबर- 66, पंजाबी बाग (पश्चिम), नई दिल्ली- 110026।’ पते पर डाक कर दें। इसी के साथ भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र की एक कॉपी सुरक्षित निकाल कर रख लें।

