SGSU Advertisement
Home Student & Youth राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग में उप सचिव सहित कई पदों पर भर्ती जारी,...

राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग में उप सचिव सहित कई पदों पर भर्ती जारी, जानें डिटेल

0
4

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, एनसीएच ने नियमित रूप से उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) सहित विभिन्न 8 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एनसीएच की ओर से जारी 8 रिक्तियों में उप सचिव (जनरल सेंट्रल सर्विस ग्रुप-‘ए’, नॉन-मिनिस्टीरियल) के 3, उप कानूनी सलाहकार (जनरल सेंट्रल सर्विस ग्रुप-‘ए’, नॉन-मिनिस्टीरियल) का 1, अवर सचिव (जनरल सेंट्रल सर्विस ग्रुप-‘ए’, नॉन-मिनिस्टीरियल) का 1 और अनुभाग अधिकारी (जनरल सेंट्रल सर्विस ग्रुप-‘बी’, नॉन-मिनिस्टीरियल) के 3 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर यानी 20 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से उप सचिव के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ ही किसी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या वैधानिक निकाय में अकाउंट्स, प्रशासन या स्थापना संबंधी कार्यों का पांच वर्षों का अनुभव; उप कानूनी सलाहकार के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ ही कानूनी और विधायी मामलों को संभालने का आठ वर्षों का अनुभव या मास्टर की डिग्री के साथ ही कानूनी और विधायी मामलों को संभालने का पांच वर्षों का अनुभव; अवर सचिव के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही किसी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या वैधानिक निकाय में अकाउंट्स, प्रशासन या स्थापना संबंधी कार्यों का पांच वर्षों का अनुभव होना जरूरी है। वहीं, अनुभाग अधिकारी के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ ही किसी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या वैधानिक निकाय में अकाउंट्स, प्रशासन या स्थापना संबंधी कार्यों में पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 47,600 से 2,09,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के इच्छुक व्यक्ति एनसीएच की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रपत्र में अपना बायोडाटा, अधिकतम 250 शब्दों में अपना ‘स्टेटमेंट ऑफ पर्पस’ (एसओपी), पासपोर्ट साइज फोटो तथा अपनी शैक्षिक योग्यता और अनुभव को साबित करने वाले प्रमाणपत्रों की कॉपी ‘डॉ. संजय गुप्ता, सचिव, नेशनल कमीशन फॉर होम्योपैथी (एनसीएच), नंबर 61-65, इंस्टीट्यूशनल एरिया, डी-ब्लॉक के सामने, जनकपुरी, नई दिल्ली-110058’ पते पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।

अभ्यर्थियों को रिक्तियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनसीएच की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।