Sunday, August 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राशन कॉर्ड मामले में केंद्र की योजनाओं का श्रेय राज्‍य को देने...

राशन कॉर्ड मामले में केंद्र की योजनाओं का श्रेय राज्‍य को देने का प्रयास कर रहे सीएम रेवंत : मनमीत सिंह

0
5

हैदराबाद, 16 अगस्‍त (आईएएनएस)। भाजपा नेता मनमीत सिंह ने तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री रेवंत रेड्डी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्‍होंने राशन कॉर्ड बनाने के मुद्दे को राज्‍य की योजना बताया है। मनमीत ने कहा कि सीएम रेड्डी केंद्र की योजनाओं का श्रेय राज्‍य को देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्‍होंने मांग की है कि प्रदेश में केंद्र की योजनाओं में पीएम मोदी की तस्‍वीर लगाई जाए।

भाजपा नेता मनमीत सिंह ने सोनिया गांधी द्वारा ‘वंदे मातरम’ में बाधा डालने की निंदा की और एकता का आह्वान किया।

मनमीत सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “सोनिया गांधी ने एक बार फिर राष्ट्र गीत का अपमान किया है। 15 अगस्‍त के दिन इंदिरा भवन में स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के कार्यक्रम के दौरान हम सबने देखा कि जैसे ही वंदे मातरम का पहला पद खत्म हुआ और दूसरा पद शुरू होने वाला था, उन्होंने राष्ट्रगीत को रोकने के लिए कहा। बाद में, जयराम रमेश ने बयान जारी कर दावा किया कि वे खड़गे के लिए कुर्सी मांग रही थीं जबकि खड़गे इशारा कर रहे थे कि राष्ट्र गीत जारी रहने दिया जाए।”

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि यह हमारा गाना नहीं है। जिस तरह से जवाहर लाल नेहरू ने देश का विभाजन किया था, उसी तरह राहुल गांधी राष्‍ट्र गीत को बांटना चाहते हैं। मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि हर राष्‍ट्रीय कार्यक्रम में राष्‍ट्र गान को पूरा गाया जाएगा।

मनमीत सिंह ने कहा, “हम रेवंत रेड्डी को बताना चाहते हैं कि वह राज्य के मुख्यमंत्री हैं और नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। इसलिए, केंद्र की योजनाओं में राज्य और केंद्र दोनों का हिस्सा होता है। अब, राशन कार्ड के मुद्दे पर, वे कह रहे हैं कि वे राशन कार्ड बांटेंगे। रेवंत रेड्डी ने कहा है कि यह उनकी तरफ से दिया जा रहा है। वह तेलंगाना की जनता से कह रहे हैं कि यह राज्य सरकार की तरफ से दिया जा रहा है।”

भाजपा नेता ने कहा कि एक रुपए में 79 पैसे का ग्रांट केंद्र सरकार की तरफ से आता है। वहीं, रेवंत रेड्डी जनता को बता रहे हैं कि यह सब राज्‍य सरकार कर रही है। केंद्र की कई योजनाओं को चलाकर राज्‍य श्रेय ले रहा है। रेवंत रेड्डी ने लेबर डिपार्टमेंट में किसी भी जगह पर पीएम मोदी की तस्‍वीर का इस्‍तेमाल नहीं किया है। हमारी मांग है कि केंद्र की योजनाओं और राज्‍य के कार्यालयों में पीएम मोदी की तस्‍वीर अनिवार्य है।