नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। पूरे देश में नीट-यूजी 2026 परीक्षा रविवार को दोबारा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दोबारा कराए जाने को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में परीक्षा में शामिल होने वाली छात्रा अपेक्षा ठाकुर ने कहा कि पेपर लीक होने के बाद तनाव हो गया है। हमने अच्छी तैयारी की है। उम्मीद है कि आज का पेपर अच्छा जाएगा। एक और छात्रा निहारिका तिवारी ने कहा कि पहले पेपर लीक होने से काफी तनाव का माहौल है। अब भी डर का माहौल है। पेपर लीक होने से आत्मविश्वास कमजोर हो गया है।
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री दिलीप अहिरवार ने नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चों को शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि जो बच्चे परीक्षा में शामिल हो रहे हैं उनको सफलता मिले।
हरियाणा सरकार में मंत्री आरती राव ने कहा कि सभी छात्रों को मेरी शुभकामनाएं! उम्मीद है कि छात्र अच्छे से परीक्षा देंगे।
जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और छात्रों को अपना बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।
भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि हम लोगों की कोशिश है कि परीक्षा अच्छी तरह से संपन्न हो जाए। पिछली बार पेपर लीक होने की बात सामने आई थी। पहली बार ऐसा नहीं हुआ है, आरोप लगाने वालों को बताना चाहिए कि उनके शासन में ऐसा नहीं हुआ क्या? ऐसी गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। सब चीजों के लिए कानून बनाए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में नीट की दोबारा परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर के 127 केंद्रों पर 50,000 से ज्यादा उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है; नौ केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और प्रश्न पत्रों को पुलिस व आईटीबीपी की सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाया गया है।

