मैड्रिड, 4 सितंबर (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड फुटबॉल क्लब के कोच जोस मोरिन्हो ने फर्लैंड मेंडी को अपनी चैंपियंस लीग टीम में शामिल नहीं किया है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि मेंडी जल्द ही क्लब छोड़ सकते हैं और उनका रियल मैड्रिड में भविष्य अब अनिश्चित नजर आ रहा है।
31 वर्षीय यह खिलाड़ी दाएं पैर के टेंडन की चोट की सर्जरी के बाद से बाहर चल रहा है। हालांकि, रियल मैड्रिड ने लंबे समय से चोटिल चल रहे एडर मिलिटाओ और रोड्रिगो को अपनी टीम में जगह दी है, भले ही वे फिलहाल खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। यह टीम लिस्ट तब जारी की गई, जब रियल मैड्रिड को इंटर मिलान के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर अपना यूरोपियन कैंपेन शुरू करना था।
हाल के सीजन में मेंडी चोटों से जूझते रहे हैं। 2025-2026 सीजन में उन्होंने ला लीगा में सिर्फ पांच और सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर 9 मैच खेले हैं। टेंडन की समस्या के कारण गर्मियों में उनका ट्रांसफर नहीं हो पाया था, लेकिन ऐसा लगता है कि जनवरी विंडो के दौरान वह क्लब छोड़ सकते हैं।
रेसिंग सैंटेंडर के 19 वर्षीय मिडफील्डर सर्जियो मार्टिनेज आखिरी खिलाड़ी थे जिन्हें रियल मैड्रिड ने साइन किया था, जिससे मेंडी की जगह डिफेंस को मजबूत करने की संभावना खत्म हो गई। मार्टिनेज ने इस सीजन के पहले मैच में रेसिंग सैंटेंडर के लिए गोल भी किया था। रियल मैड्रिड ने उनका 30 लाख यूरो (3 मिलियन यूरो) का रिलीज क्लॉज सक्रिय किया और उनसे जून 2030 तक का लंबी अवधि का करार किया है।
कुछ समय पहले मोरिन्हो ने कहा था कि क्लब का गर्मियों का ट्रांसफर बिजनेस असल में खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि क्लब के कुछ मुख्य टारगेट को हासिल न कर पाने के बावजूद वह अपनी मौजूदा टीम से संतुष्ट हैं। मोरिन्हो ने गुरुवार को सैंटियागो बर्नब्यू में रियल सोसिदाद के खिलाफ रियल मैड्रिड के देर से शुरू होने वाले ला लीगा ओपनर से पहले बात करते हुए साफ किया कि उनकी टीम में और खिलाड़ियों को शामिल करने की कोई तत्काल योजना नहीं है।
मोरिन्हो ने पत्रकारों से कहा, “मेरे लिए टीम फाइनल हो चुकी है, लेकिन मार्केट अभी भी खुला है। आप कभी नहीं जानते कि कोई खिलाड़ी आकर कह दे, ‘मुझे दो बार बेंच पर बैठाया गया है, और मैं जाना चाहता हूं।’ थ्योरी के हिसाब से और कोई डील नहीं होगी, लेकिन कुछ भी हो सकता है। मेरे दिमाग में टीम फाइनल है और मैंने किसी और की मांग नहीं की है। मैं अपने मौजूदा खिलाड़ियों से बहुत खुश हूं।”
