Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल एसए20: 17 जनवरी से शुरू होगा 5वां सीजन, ओपनिंग मैच में प्रिटोरिया...

एसए20: 17 जनवरी से शुरू होगा 5वां सीजन, ओपनिंग मैच में प्रिटोरिया कैपिटल्स से सनराइजर्स ईस्टर्न केप का सामना

0
1

जोहान्सबर्ग, 23 जुलाई (आईएएनएस)। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को एसए20 लीग के पांचवें सीजन का शेड्यूल जारी किया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 17 जनवरी से होगी, जबकि फाइनल मैच 21 फरवरी को खेला जाएगा। इसके मैच छह होस्ट वेन्यू पर खेले जाएंगे और आखिर में केप टाउन के न्यूलैंड्स में फाइनल होगा।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 17 जनवरी को गेबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। 23 जनवरी, 30 जनवरी, 6 फरवरी और 13 फरवरी को डबल-हेडर होंगे। इनमें से पहले दिन डरबन के सुपर जायंट्स किंग्समीड में प्रिटोरिया कैपिटल्स की मेजबानी करेंगे और उसके बाद उसी दिन वांडरर्स में जोबर्ग सुपर किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स ईस्टर्न केप से होगा।

प्लेऑफ की शुरुआत 16 फरवरी को पार्ल के बोलैंड पार्क में क्वालीफायर-1 से होगी। ऐसा पहली बार होगा जब इस मैदान पर लीग का कोई प्लेऑफ मैच खेला जाएगा। जोहान्सबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम 17 फरवरी को एलिमिनेटर और 19 फरवरी को क्वालीफायर-2 की मेजबानी करेगा। इसके बाद, न्यूलैंड्स लगातार दूसरे साल और कुल मिलाकर तीसरी बार 21 फरवरी को चैंपियनशिप का फाइनल मैच आयोजित करेगा।

एसए20 लीग के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि शेड्यूल जारी होना नए सीजन की तैयारियों की आधिकारिक शुरुआत का संकेत है।

स्मिथ ने कहा, “एसए20 के मुकाबलों का शेड्यूल जारी करना हमेशा हमारे लिए एक बड़ा अवसर होता है। यह नए सीजन से पूर्व पहला बड़ा पड़ाव है और इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि हम एक और शानदार महीने भर चलने वाले क्रिकेट महाकुंभ की तैयारियों में जुट चुके हैं। सीजन 5 की शुरुआत करने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता कि पिछले सीजन के इतिहास के सबसे रोमांचक फाइनल में से एक की फिर से झलक देखने को मिले। सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स ने पिछले सीजन के फाइनल में केप टाउन में यादगार मुकाबला खेला था। ऐसे में यह बिल्कुल उपयुक्त है कि 17 जनवरी 2027 को गकेबरहा में सीजन के उद्घाटन मैच में यही दोनों टीमें आमने-सामने हों।”

एसए20 2027 के प्लेऑफ का शेड्यूल:

क्वालीफायर-1: 16 फरवरी (बोलैंड पार्क, पार्ल)

एलिमिनेटर: 17 फरवरी (वांडरर्स, जोहान्सबर्ग)

क्वालीफायर-2: 19 फरवरी (वांडरर्स, जोहान्सबर्ग)

फाइनल: 21 फरवरी (न्यूलैंड्स, केप टाउन)