Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन साथ काम किया फिर भी स्क्रीन शेयर नहीं कर पाए फरीदा और...

साथ काम किया फिर भी स्क्रीन शेयर नहीं कर पाए फरीदा और फरदीन, अभिनेता ने बयां किया दर्द

0
3

मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता फरदीन खान ने हाल ही में दिग्गज अभिनेत्री फरीदा जलाल के साथ मुलाकात की। गुरुवार को अभिनेता ने इस मुलाकात की झलक सोशल मीडिया पर शेयर की।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री के साथ तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने फरीदा जलाल की खुलकर तारीफ करते हुए लिखा, “कई वर्षों बाद हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक फरीदा आंटी से दोबारा मिलकर बेहद खुशी हुई। ‘धर्मात्मा’ के समय वह मुझे बचपन से जानती थीं और मैं हमेशा उन्हें बहुत स्नेह और सम्मान के साथ याद करता हूं। खान साहब भी एक अभिनेत्री के रूप में उनका बहुत सम्मान करते थे और अक्सर कहते थे कि उनके साथ काम करना उन्हें बेहद पसंद था।”

उन्होंने आगे लिखा, “फरीदा आंटी, आपसे कल मिलकर बहुत अच्छा लगा। आपने सचमुच मेरा दिन खास बना दिया। अफसोस की बात है कि यह दूसरी सीरीज है, जिसमें हम दोनों ने साथ काम किया, लेकिन हमारा एक भी सीन साथ नहीं है। उम्मीद है कि तीसरी बार हमें एक साथ स्क्रीन साझा करने का मौका जरूर मिलेगा।”

बता दें कि फरदीन खान और फरीदा जलाल ने मुख्य रूप से साल 2002 की प्रसिद्ध रोमांटिक फिल्म ‘कुछ तुम कहो कुछ हम कहें’ में साथ काम किया था। इस फिल्म में फरीदा जलाल ने फरदीन खान की दादी (बड़ी दादी) का किरदार निभाया था।

वहीं, अभिनेता फरदीन खान और फरीदा जलाल ने संजय लीला भंसाली की लोकप्रिय नेटफ्लिक्स वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में साथ काम किया था। इस फिल्म में फरीदा जलाल ने ‘कुदसिया बेगम’ (नवाब की दादी) का महत्वपूर्ण किरदार निभाया था, तो अभिनेता फरदीन खान ने ‘वली मोहम्मद’ की भूमिका निभाई थी।

फरीदा जलाल लगभग पांच दशक लंबे अपने अभिनय करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अपनी बहुमुखी अभिनय क्षमता के लिए मशहूर फरीदा ने कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। खासकर बॉलीवुड की मुख्यधारा की फिल्मों में उनके सहायक किरदारों को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा है।