Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘साजिश चल रही, हम पासी समाज से हैं, इसलिए हुआ भेदभाव’, मंदिर...

‘साजिश चल रही, हम पासी समाज से हैं, इसलिए हुआ भेदभाव’, मंदिर में पूजन से दूर रखने पर बोलीं भाजपा विधायक जय देवी कौशल

0
4

लखनऊ, 20 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की पत्नी जय देवी कौशल ने मंदिर के जीर्णोद्धार समारोह के दौरान भेदभाव के आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक साजिश चल रही है। हम पासी समाज से हैं, इसलिए भेदभाव किया जाता है।

जय देवी कौशल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “शीतला देवी मंदिर के लिए 76 लाख रुपए मैंने मंजूर कराए थे। बुधवार को मैं वहां पूजा करने पहुंची थी। मेरे साथ चेयरमेन, पार्षद और मंडल अध्यक्ष भी थे। जब मेरा मंदिर में पूजा करने का समय आया तो मुझसे पूजा नहीं कराई गई।”

उन्होंने बताया, “जब मंदिर में पूजा हो रही थी, तो हम चुपचाप वहां खड़े रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने बोला कि विधायक होने के नाते उनसे पूजा कराई जाए, क्योंकि उन्होंने पैसे मंजूर कराए हैं। लेकिन वहां मुझे पूजा नहीं करने दी गई। मैं चुपचाप खड़ी रही। मंदिर में मुझे आरती भी नहीं करने दी गई।”

जयदेवी कौशल ने कहा, “मैं दो बार की विधायक हूं। केंद्र और राज्य में मेरे दल की सरकार होने के बावजूद हम लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। इस तरह मेरे साथ भेदभाव हुआ है, वह बिल्कुल गलत है।”

भाजपा विधायक ने आगे कहा, “मंदिर पूजा के दौरान मैंने कुछ नहीं बोला था। इसके बार दूसरी जगह पूजन के लिए जाना था, तो मैं वहां चली गई थी। बाद में कई लोगों ने फोन आए, जिन्होंने घटना के बारे में पूछा था। मैंने उन्हें वही सब बताया, जो सही था।”

जयदेवी कौशल ने आरोप लगाए कि एक साजिश चल रही है। हम पासी समाज से हैं, इसलिए भेदभाव किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस घटना के संबंध में हमसे कोई बात करेगा तो हम जाएंगे।

इन घटना की पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने भी निंदा की है। उन्होंने कहा, “पासी समाज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दी है और प्रताड़ना भी झेली है, लेकिन जिस तरह काकोरी के शीतला माता मंदिर पर मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक जयदेवी कौशल का पूर्व निर्धारित जीर्णोद्धार भूमि पूजन करने से एक साजिश के तहत रोककर अपमानित किया गया। ये कृत्य अत्यंत निंदनीय है और सनातन को कमजोर करने की एक साजिश का हिस्सा है।”