Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय एसएआईसी और जीएम ने संयुक्त उद्यम समझौते का किया नवीनीकरण

एसएआईसी और जीएम ने संयुक्त उद्यम समझौते का किया नवीनीकरण

0
8

बीजिंग, 5 अगस्त (आईएएनएस)। शांगहाई ऑटोमोटिव इंडस्ट्री कॉर्पोरेशन (एसएआईसी) और जनरल मोटर्स (जीएम) ने बुधवार को अपने संयुक्त उद्यम समझौते के नवीनीकरण पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियों के संयुक्त उद्यम की अवधि 20 साल के लिए बढ़ाकर वर्ष 2047 तक कर दी गई।

दोनों पक्षों ने कहा कि यह समझौता करीब 30 वर्षों के सफल सहयोग की नींव पर आधारित है और वैश्विक ऑटोमोबाइल उद्योग में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच चीनी बाजार की दीर्घकालिक संभावनाओं तथा शांगहाई जनरल मोटर्स की विकास क्षमता में उनके भरोसे को दर्शाता है।

समझौते के अनुसार, दोनों कंपनियां प्रौद्योगिकी अनुसंधान और विकास, आपूर्ति श्रृंखला तथा वैश्विक बाजार संसाधनों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेंगी। साथ ही, शांगहाई जनरल मोटर्स के स्मार्ट और विद्युतीकरण परिवर्तन, स्थानीय नवाचार, वैश्विक विस्तार तथा दीर्घकालिक विकास को लगातार समर्थन दिया जाएगा।

योजना के मुताबिक, वर्ष 2030 तक शांगहाई जनरल मोटर्स कम से कम 30 नए ऊर्जा वाहन मॉडल लॉन्च करेगी। इससे कंपनी नए ऊर्जा वाहन बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के साथ साथ चीन के प्रमुख नई ऊर्जा वाहन ब्रांडों में अपनी स्थिति को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

बुद्धिमान तकनीक के क्षेत्र में भी शांगहाई जनरल मोटर्स अपनी स्थानीय अनुसंधान और विकास क्षमताओं को और बेहतर बनाएगी। कंपनी चीन की तकनीकी उद्योग श्रृंखला का लाभ उठाते हुए स्मार्ट केबिन और उच्च स्तरीय स्वचालित ड्राइविंग तकनीक के विकास तथा उत्पादों में उनके इस्तेमाल को तेज करेगी। इसका उद्देश्य चीनी उपभोक्ताओं को अधिक बुद्धिमान, सुरक्षित और बेहतर स्मार्ट मोबिलिटी अनुभव उपलब्ध कराना है।

बताया गया है कि यह समझौता केवल चीनी बाजार के दीर्घकालिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि शांगहाई जनरल मोटर्स के वैश्विक विस्तार के लिए भी नए अवसर पैदा करेगा। इससे पहले संयुक्त उद्यम सहयोग का मुख्य उद्देश्य वैश्विक तकनीकों को चीन लाना और उन्हें स्थानीय बाजार की जरूरतों के अनुसार विकसित करना था।

भविष्य में शांगहाई जनरल मोटर्स उपभोक्ता जरूरतों की समझ, तकनीकी नवाचार, स्मार्ट विनिर्माण और औद्योगिक श्रृंखला की दक्षता जैसे क्षेत्रों में चीन की क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करेगी। कंपनी का लक्ष्य चीन में विकसित और निर्मित अधिक उत्पादों तथा तकनीकों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है, जिससे वैश्विक स्थानीयकरण से चीनी वैश्वीकरण की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)