‘सनातन देश के सभी लोगों का धर्म नहीं’, सीएम योगी के बयान पर कांग्रेस नेता की तीखी प्रतिक्रिया

0
11

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘सनातम धर्म’ वाली टिप्पणी पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म देश के सभी लोगों का धर्म नहीं है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म का अपमान करने वालों की हार का दावा किया था। उन्होंने एक बयान में कहा कि सनातन का अपमान करने वालों का सूपड़ा-साफ होगा।

इस पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सनातन धर्म देश के सभी लोगों का धर्म नहीं है। हिंदू धर्म अलग है, सनातन धर्म अलग है। हिंदू धर्म में साधु-संत बड़े पैमाने पर होते हैं। महाराष्ट्र में तो बड़ी परंपरा है। हिंदू धर्म उदार धर्म है। सनातन धर्म में जाति व्यवस्था है और जाति व्यवस्था मानने वाले सनातन धर्म की बात करते हैं।”

कांग्रेस नेता ने पश्चिम बंगाल में हार के बाद ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने पर भी प्रतिक्रिया दी। दलवाई ने कहा, “कानूनी तौर पर उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। अगर वह इस्तीफा नहीं देती हैं तो आगे क्या करेंगी, यह स्पष्ट नहीं है। राहुल गांधी ने उन्हें जो समर्थन दिया है, वह अच्छी बात है। उन्होंने यह भी कहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत बनाया जाएगा। इसका मतलब है कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर देशभर में संघर्ष करना होगा।”

हालांकि, हुसैन दलवाई ने ममता बनर्जी की प्रशंसा भी की और चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों का समर्थन किया। दलवाई ने कहा, “ऐसा नहीं कि वह हारी हैं, उन्हें हर तरीके का घपला करके हराया गया है। चुनाव आयोग इसका जिम्मेदार है। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाकर उनके खिलाफ जांच कराई जानी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर इसी तरह देश चलेगा तो यहां संविधान और लोकतंत्र नहीं रहेगा, यहां फासीवाद रहेगा। आरएसएस वाले फासीवाद फैला रहे हैं।”