Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ नोएडा पुलिस का अभियान,...

सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ नोएडा पुलिस का अभियान, 125 लोगों पर कार्रवाई

0
5

नोएडा, 6 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना सेक्टर-63 और थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कुल 125 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सार्वजनिक स्थलों पर नशे के सेवन पर रोक लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, सड़कों, पार्कों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन जांच की।

इस विशेष अभियान के तहत थाना सेक्टर-63 पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वाले 72 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने 53 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस प्रकार दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 125 लोगों पर कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार यह अभियान डीसीपी सेंट्रल नोएडा और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया, जबकि एसीपी-1 और एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है और कई बार इससे लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य किसी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा कानून का पालन करते हुए सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।