ग्रेटर नोएडा, 20 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 347 व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 19 जून 2026 को कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सेंट्रल नोएडा जोन और ग्रेटर नोएडा जोन में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में सेंट्रल नोएडा जोन पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पार्कों, सड़कों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शराब पीते हुए पाए गए कुल 232 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत चालान करते हुए उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी। वहीं, डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा जोन पुलिस ने भी विशेष अभियान चलाकर 115 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जांच अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक माहौल भी प्रभावित होता है और कई बार विवाद तथा अपराध की घटनाएं भी जन्म लेती हैं। इसी को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस लगातार ऐसे अभियानों का संचालन कर रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
–आईएएनएस
पीकेटी/एएस

