सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप: महाराष्ट्र को हराकर हरियाणा बना चैंपियन

0
1

राजगीर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के राजगीर में खेले गए सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 के 13वें संस्करण में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को 17-12 से हराकर हरियाणा की टीम चैंपियन बनी।

राजगीर के स्टेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन हरियाणा ने अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताबी मैच को अपने नाम किया। खास बात यह रही कि हरियाणा ने पिछले साल रनर-अप रहने के बाद इस बार शानदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

मैच की शुरुआत में हरियाणा के नीरज खत्री ने टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद महाराष्ट्र के सुनील चव्हाण ने ट्राई लगाकर स्कोर बराबर करने की कोशिश की। हालांकि, हरियाणा के मोहित खत्री ने फिर से टीम को आगे कर दिया। मैच के अहम मोड़ पर अजय देसवाल ने महत्वपूर्ण ट्राई किया और दीपक कुमार पुनिया ने कन्वर्जन सफल बनाकर बढ़त को और मजबूत कर दिया।

महाराष्ट्र ने भी हार नहीं मानी और प्रशांत सिंह के ट्राई तथा श्रीधर निगाड़े के कन्वर्जन से स्कोर का अंतर कम किया। हालांकि, आखिरी पलों में हरियाणा की टीम ने संयम बनाए रखा और मैच 17-12 से जीत लिया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने राजस्थान को 26-5 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में पश्चिम बंगाल का प्रदर्शन भी काफी संतुलित रहा।

नॉकआउट चरण की शुरुआत प्री-क्वार्टरफाइनल से हुई थी, जहां सभी टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। क्वार्टरफाइनल के बाद महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और राजस्थान की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। सेमीफाइनल में महाराष्ट्र ने पश्चिम बंगाल को 36-5 से हराया, जबकि हरियाणा ने राजस्थान को 38-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। टूर्नामेंट के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन भी शानदार रहे।

राजस्थान के राजन रावत 76 अंकों के साथ टॉप स्कोरर रहे, महाराष्ट्र के श्रीधर निगाड़े 59 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पश्चिम बंगाल के करण राजभर 55 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने टूर्नामेंट की तारीफ करते हुए कहा कि यह भारत में रग्बी के तेजी से बढ़ते स्तर को दिखाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।