SGSU Advertisement
Home अपराध शिव शर्मा मर्डर केस: श्रद्धा दुबे समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, मृतक की...

शिव शर्मा मर्डर केस: श्रद्धा दुबे समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, मृतक की मां बोलीं- न्याय मिलेगा

0
4

लखनऊ, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिव शर्मा हत्याकांड मामले में लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रद्धा दुबे, ड्राइवर दानिश और रश्मि दुबे के रूप में हुई है। सभी आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपियों को लखनऊ लाया जा रहा है, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 9 अक्टूबर को हजरतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस की सहायता से तीनों को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि आरोपियों को लखनऊ लाया जा रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया। उन्होंने कहा कि आज उनके लिए विजयादशमी का बहुत बड़ा दिन है और उन्हें उम्मीद है कि उनके बेटे शिवा को न्याय मिलेगा। रंजना शर्मा ने कहा कि मैं प्रेस, मीडिया, एसटीएफ, उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से धन्यवाद करती हूं। मुझे उम्मीद है कि शिवा को न्याय मिलेगा। वहीं, श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह आपराधिक मानसिकता के साथ काम कर रही थी और उसके पास पूरा बैकअप था। रंजना शर्मा ने गिरफ्तारी के बाद न्याय मिलने की उम्मीद जताई और कार्रवाई में शामिल एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मामले में आरोपी ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की बहन ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन से ही परिवार का दानिश से कोई संपर्क नहीं हुआ है। घटना के दिन वह काम पर गया था, लेकिन उसके बाद से परिवार को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। दानिश के संबंध में उन्हें जो भी जानकारी मिल रही है, वह केवल समाचार रिपोर्टों के माध्यम से मिल रही है। उन्होंने बताया कि खबरों में दानिश के नेपाल में होने की बात कही जा रही थी, लेकिन समाचार रिपोर्टों के अलावा परिवार के पास कोई अन्य जानकारी नहीं थी। घटना के बाद से परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया है।