Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय स्कैल्प की सफाई से मजबूती तक, गर्मियों में शैंपू-कंडीशनर नहीं, एलोवेरा से...

स्कैल्प की सफाई से मजबूती तक, गर्मियों में शैंपू-कंडीशनर नहीं, एलोवेरा से बनेगी बात

0
27

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। गर्मियों का मौसम अपने साथ कई समस्याएं लेकर आता है। तेज धूप, पसीना और धूल के कारण बाल कमजोर पड़ने लगते हैं, झड़ने की समस्या बढ़ जाती है और स्कैल्प में खुजली व डैंड्रफ की शिकायत आम हो जाती है। ऐसे में शैंपू-कंडीशनर से ज्यादा असरदार एलोवेरा साबित हो सकता है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के अनुसार, एलोवेरा बालों की देखभाल के लिए आयुर्वेद का सबसे भरोसेमंद और प्राकृतिक उपाय है। यह स्कैल्प की गहराई तक सफाई करता है, जड़ों को मजबूत बनाता है और बालों को सिरे तक स्वस्थ रखता है। एलोवेरा में प्राकृतिक एंजाइम, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो बालों के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। यह स्कैल्प पर जमा अतिरिक्त तेल को साफ करता है, जिससे तैलीय बालों की समस्या दूर होती है। साथ ही यह बालों की जड़ों को पोषण देता है, टूटने-झड़ने से बचाता है और बालों को रिपेयर करने में मदद करता है।

एलोवेरा के एंटी-फंगल गुण डैंड्रफ और फंगल इंफेक्शन को कम करते हैं। यह खुजली को शांत करने में भी बेहद कारगर है। यह गर्मियों में पसीने से होने वाली जलन और इरिटेशन से भी तुरंत राहत देता है। एलोवेरा से बालों की देखभाल के आसान तरीके हैं। इसके लिए ताजा एलोवेरा जेल निकालकर स्कैल्प पर लगाएं और 30-40 मिनट बाद हल्के शैंपू से धो लें।

सप्ताह में 2-3 बार एलोवेरा जेल में नारियल तेल मिलाकर सिर की मालिश करें। एलोवेरा जेल को नींबू के रस के साथ मिलाकर लगाने से डैंड्रफ और अतिरिक्त तेल कम होता है। बालों में एलोवेरा जेल को रातभर लगाकर सुबह धोने से बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं।

आयुर्वेद के विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित रूप से एलोवेरा का इस्तेमाल करने से बालों की जड़ें मजबूत होती हैं, इनका झड़ना कम होता है और स्कैल्प स्वस्थ रहता है। गर्मियों में केमिकल युक्त शैंपू से बचने के लिए यह सबसे सरल और सुरक्षित तरीका है। एलोवेरा न सिर्फ बालों को पोषण देता है, बल्कि स्कैल्प को ठंडक भी प्रदान करता है। इसे घर पर आसानी से इस्तेमाल कर गर्मी में बालों की बेहतर देखभाल की जा सकती है।